महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 सितंबर। नगर में इस बार नवरात्रि पर्व पर वृहद स्तर पर रास गरबा का आयोजन किया जा रहा है। महानगरों की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग तरीके से गरबा खिलाया जाएगा, इसमें भारी भरकम पुरस्कार भी रखे गए हंै। जबकि नगर की सीमा पर स्थित कर्मचारी कॉलोनी में भी इस बार दुर्गा पंडाल के सामने भारी-भरकम व्यवस्था के साथ गरबा का आयोजन किया जा रहा है।
नगर एवं क्षेत्र को माता जी की सेवा में गरबा मय बनाने की योजना नगर के युवाओं ने बनाई है। इसके लिए विगत माह भर से तैयारियां चल रही हंै। महानगरों के बड़े होटलों और रेस्टोरेंट की तरह यहाँ भी इसे प्रतियोगिता की तरह आयोजित की गई है। दोनों गरबा स्थलों पर प्रवेश नि:शुल्क है, परन्तु वेशभूषा और नृत्य के लिए दर्शकों को टोकन देकर उनकी राय ली जाएगी और विजेता घोषित किया जाएगा। खेल मैदान में गरबा करने हजारों जुटेंगे
नगर का शहीद भगत सिंह खेल मैदान इस बार रास गरबा के लिए सज कर तैयार है यहां कोई 1000 से 2000 महिला पुरुष एक साथ गरबा कर पाएंगे। इस सम्बंध में गरबा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिन्हा ने बताया कि रास गरबा स्थल पर दर्शकों एवं प्रतिभागियों के प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क है। दर्शकों हेतु बैठक व्यवस्था की गई है। गरबा का आकर्षण रायपुर की प्रसिद्ध एंकर प्राची चौहान एवं तनु होंगी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए दिशा निर्देश देंगी। इसके अलावा 28 एवं 29 सितम्बर को अहमदाबाद गुजरात की बैंड एवं अनिता मण्डल एवम हिमांशु की गायकी के साथ गरबा होगा।
गरबा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को एक लाख का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे नम्बर को 51 हजार और तीसरे नम्बर को 31 हजार रुपये नगद पुरुस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रतिदिन के बेस्ट खिलाड़ी को अलग पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई है। अंत में सभी शामिल प्रतिभागियों के लिए मोमेंटो की व्यवस्था की गई है। उत्साह वर्धन के लिए प्रतिदिन उपस्थित होने वाले दर्शक को भो प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। दर्शक ही करेंगे बेस्ट गरबा नृत्य का फैसला - विक्की
समिति के पदाधिकारी विक्की सलूजा ने बताया कि पुरस्कार हेतु चयन आम दर्शक ही करेंगे। इसके लिए दर्शकों को पेन और डायरी दी जाएगी। वे निरीक्षण कर अपनी पसन्द के टोकन नम्बर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के लिए अनुशंसा करेंगे। इनमें से गिनती के अनुसार क्रम तय किया जाएगा। किसी भी विवाद की स्थिति में समिति का निर्णय अंतिम होगा। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा हेतु पुलिस की व्यवस्था भी की गई है। किसी भी दर्शक एवम प्रतिभागी को नशे की हालत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बच्चों के लिए टेडी गरबा
समिति के सदस्य अजय सिन्हा ने बताया कि समिति द्वारा बच्चों का विशेष ध्यान रखते हुए टेडी गरबा का आयोजन किया है। जो बच्चे गरबा में भाग नहीं ले सकते उनके लिए टेडी गरबा होगा वे इनके साथ खेल का आनंद ले सकते हंै।
प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
समिति के वरिष्ठ सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि नि:शुल्क आयोजित रास गरबा में भाग लेने के लिए वही लोग खेल क्षेत्र में जा सकेंगे जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया होगा। समिति के पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर ही रजिस्ट्रेशन कर रहे है।कार्यक्रम को सफल बनाने स्वयम गोपाल शर्मा,अध्यक्ष जितेंद सिन्हा, विक्की सलूजा, जतीन ठक्कर,बबलू सोनी,अंजय सिन्हा,राजा खनूजा,मोनू सलूजा,रवि आरके, पोलेश मिश्रा, एवम नवीन साहू जुटे हंै।
कर्मचारी कॉलोनी में भी भारी तैयारी
दूसरी ओर नगर के मुहाने पर स्थित कर्मचारी कॉलोनी दुर्गोत्सव समिति द्वारा भी प्रतिवर्ष की तरह: गरबा आयोजित किया जा रहा है। यहां भी पुरस्कारों की श्रृंखला है। यहां प्रतिवर्ष हजारों गरबा खेलने वालों एवं देखने वालों की भीड़ रहती थी, परन्तु इस वर्ष शहर के बीच खेल मैदान में बड़े स्तर पर ही रहे गरबा के कारण भीड़ कम हो सकती है। बहरहाल इस नवरात्रि में नगर में स्थापित की जा रही प्रतिमाओं के अलावा राय गरबा के आयोजन से पिथौरा का दुर्गोत्सव खास हो गया है। आयोजन 23 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक चलेगा।