महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 22 सितंबर। साराडीह गांव की जय महामाया शीतला जन कल्याण सेवा समिति ने शनिवार को सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। समिति के सदस्यों ने श्रमदान करते हुए एनएच-53 से लगे प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत साराडीह से बरोंडा मार्ग पर गड्ढों को भरकर करीब तीन किमी सडक़ को दुरुस्त किया।
ग्रामीणों ने स्वयं के खर्चे से 30 ट्रिप बजरी-गिट्टी मंगाई और चार घंटे से अधिक समय तक सामूहिक श्रमदान कर रास्ते को सुगम बनाया। यह मार्ग साराडीह, बरोंडा बाजार, मचेवा, बम्हनी, चिंगरौद, लाफिंग और परसट्टी जैसे कई गांवों को जोड़ता है। यही नहीं इसी मार्ग से सैकड़ों विद्यार्थी प्रतिदिन कॉलेज के लिए आवाजाही करते हैं। ज्ञात हो कि करीब दस वर्ष पहले बनी यह सडक़ रखरखाव के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। बारिश के मौसम में तीन किलोमीटर तक गड्ढों में पानी भर जाता था। जिससे राहगीरों को परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में सडक़ के गड्ढों में घुटने तक पानी भर जाता था,राास्ते को पहचानना भी मुश्किल हो जाता था। दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार होते थे। हाल ही में एक ही दिन में तीन अलग-अलग हादसे होने के बाद समिति ने सडक़ को दुरुस्त करने का बीड़ा उठाया।
इस श्रमदान में समिति के महेंद्र चंद्राकर, लोमेश चंद्राकर, विपिन चंद्राकर, मोनू चंद्राकर, होरीलाल साहू, राजेश साहू, कमल साहू, देवेंद्र साहू, पूरन रात्रे, पंकज कुर्रे, जीवन निर्मलकर, धर्मेंद्र बघेल, देव प्रसाद माण्डे, भारत धीवर, संतोष साहू, भोला साहू, हिवराज कुर्रे, नीरज धीवर, दद्दू विश्वकर्मा, दीपक साहू और सूरज गायकवाड़ सहित अन्य ग्रामीणों का अहम योगदान रहा। समिति के अध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर ने बताया कि नवरात्रि पर्व के अवसर पर माता की सेवा के साथ-साथ राहगीरों की सुविधा के लिए यह प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी समिति ग्रामीणों की सहूलियत के लिए सडक़ को सुविधा जनक बनाने निरंतर प्रयास करती रहेगी। सामूहिक प्रयास से दुरुस्त हुई सडक़ ने न केवल ग्रामीणों की परेशानी दूर की बल्कि यह भी साबित किया कि सामूहिक श्रमदान से बड़े बदलाव संभव हैं। समिति की इस पहल को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है और अन्य गांवों के लोग भी इसे प्रेरणास्रोत के रूप में देख रहे हैं।