महासमुन्द

इस बार 10 दिन की होगी नवरात्रि, इस वर्ष हाथी की सवारी में आ रही मातारानी
21-Sep-2025 10:14 PM
इस बार 10 दिन की होगी नवरात्रि, इस वर्ष हाथी की सवारी में आ रही मातारानी

 कलश स्थापना के लिए अभिजीत मुहूर्त कल सुबह 11.49 से लेकर दोपहर 12.38 मिनट तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 सितंबर। कल 22 सितंबर को नवरात्र का श्री गणेश होगा। जिसका समापन 2 अक्टूबर यानी दशहरा के दिन होगा। नगर पंडित पंकज सोनी के मुताबिक 9 साल बाद 10 दिनी नवरात्र का यह शुभ संयोग बन रहा है। इसके पूर्व 2016 में यह संयोग निर्मित हुआ था। बीते नवरात्र में नवरात्रि 8 दिन की हुई थी।

उन्होंने बताया कि कल 22 सितंबर को ग्रह नक्षत्रों का उत्तम योग बन रहा है। इस बार मंगल तुला राशि में होंगे। शुक्र सिंह राशि में, सूर्य कन्या राशि में,राहु कुंभ में,केतु सिंह में, गुरु कर्क में, शनि मीन राशि में रहेंगे। ज्योतिषियों के अनुसार इसके अलावा हस्त नक्षत्र के साथ ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग भी नवरात्र के पहले दिन बन रहा है। यह दिन कलश स्थापना के लिए शुभ होगा। वहीं इस बार माता की सवारी हाथी होगी। मान्यता है कि हाथी पर माता की सवारी बहुत शुभ मानी जाती है।

इस तरह 22 सितम्बर को कलश स्थापना किया जाएगा। इस दिन हस्त नक्षत्र के साथ ब्रह्म योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का भी निर्माण हो रहा है। ऐसे में इस दिन कलश स्थापन के लिए बेहद शुभ है। कलश स्थापना का शुभमुहूर्त सुबह 6 बजे से लेकर 8 बजे तक रहने वाला है। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 49 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 38 मिनट तक रहेगा।

गौरतलब है कि शहर सहित अंचल में नवरात्र पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण की जा चुकी है। शक्ति की भक्ति को लेकर अब तैयारियों का अंतिम दौर चल रहा है। अनेक स्थानों पर माता की प्रतिमाएं लाई जा चुकी हैं। शहर की महामाया मंदिर में ज्योति कलश स्थापना के लिये खप्पर, बड़े दीपक, कलना मंगाए जा चुके हैं। कल बस स्टैंड स्थित दुर्गा पंडाल में माता की प्रतिमा को बाजे-गाजे के साथ लाया गया। बस स्टैंड पंडाल को इस बार आदिवासी थीम पर बनाया गया है। जबकि आंबेडकर चौक पंडाल में वाराणसी गंगा आरती के दर्शन होंगे। इसी तरह लोहिया चौक में भी इस बार विशेष तैयारियां की गई है। जानकारी के मुताबिक इस बार चतुर्थी तिथि 25 सितंबर व 26 सितंबर को भी रहेगी। 26 सितंबर को सूर्योदय के पश्चात प्रात: काल 6.48 बजे तक चतुर्थी होने के कारण उदयातिथि में 26 को भी चतुर्थी का मान होगा। चतुर्थी तिथि के दोनों दिन कूष्माण्डा रूप में माता की पूजा होगी।


अन्य पोस्ट