महासमुन्द
परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताया, पिथौरा थाना में सैकड़ों ग्रामीण डटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 सितंबर। कल शाम पिथौरा बागबाहरा मार्ग पर स्थित स्वास्तिक भवन पिथौरा के एक कमरे में युवक जलंधर यादव का शव खिडक़ी से बंधे फांसी के फंदे पर बरामद हुआ। शव खिडक़ी में बंधी रस्सी के भरोसे घुटने के बल लटक रहा था। मृतक के परिजनों ने मामले को हत्या बताया है, वहीं स्थानीय पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। ज्ञात हो कि स्वास्तिक भवन एक भ_ा दलाल का कार्यालय है ।
मिली जानकारी के अनुसार स्वस्तिक भवन के ऊपर मंजिल की 4 फ़ीट ऊंची खिडक़ी में एक युवक का शव मिलने की जानकारी शुक्रवार शाम पूरे नगर में फैल गयी।शव के सम्बंध में आश्चर्य की बात यह रही कि शव फंदे से लटक नहीं रहा था, बल्कि दोनों घुटने जमीन पर टिके हुए थे। इस स्थिति को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका भी व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार मृतक बलौदाबाजार जिले के ग्राम कौहाबाहरा का निवासी था। फिलहाल वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में रह रहा था। मृतक की माँ सुलोचना यादव आंगनबाड़ी सहायिका पद पर पदस्थ हैं और एक माह पूर्व लकवा ग्रस्त हो गई थीं। माँ की देखभाल के लिए ही जालंधर किशनपुर में रहता था। मृतक की पत्नी अंजली यादव एवं ग्रामीण काफी संख्या में स्थानीय पुलिस थाना में एकत्र हो कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। अंजली ने आरोप लगाया कि 17 सितम्बर को भ_ा दलाल के गुर्गे बदन सिन्हा एवं पिलवापाली निवासी हीरालाल सहित कुल चार लोग कार से जबरदस्ती जलंधर को अपने साथ ले गए।
आरोप है कि बीते वर्ष ईंट भ_ा जाने के लिए जालन्धर ने 40 हजार रुपये लिए थे।इसे लेकर विवाद चल रहा था और अब उनसे 79 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। उसे ले जाने के तीसरे दिन 19 सितम्बर को जलंधर का शव स्वास्तिक भवन में संदिग्ध हालात में पाया जाता है। परिजनों का कहना है कि जलंधर आत्महत्या नहीं कर सकता, उसे हत्या कर फांसी के फंदे पर टांग दिया गया है।
बहरहाल थाना प्रभारी उमेश वर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि शब पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दोपहर एक बजे समाचार लिखे जाने तक तत्काल गिरफ्तारी के बाद पोस्टमॉर्टम की जिद पर अड़े मृतक जालन्धर के परिजन पुलिस की समझाइश पर पोस्टमॉर्टम के बाद कार्रवाई की बात पर मान गए है। शव पोस्टमोर्टम हेतु भेज दिया गया है।किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने आसपड़ोस के थाना से पुलिस बल पिथौरा बुलाया गया है।