महासमुन्द
आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 सितंबर। बसना ब्लॉक के प्राथमिक आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा से सामने आए अधीक्षिका की मनमानी और छात्राओं की प्रताडऩा के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कल शुक्रवार को सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय ने खंड प्रभारी आदिवासी विकास बसना को पत्र भेजकर मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
मालूम हो कि ‘छत्तीसगढ़’ ने 19 सितंबर के अंक में इस खबर को प्राथमिकता के साथ प्रकाशित किया था। साथ ही पालकों ने भी अधीक्षिका पर छात्राओं से मालिश कराने व अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप डीईओ से की थी। इसके बाद आदिवासी विकास विभाग अब एक्शन मोड पर है। विभाग के सहायक आयुक्त शिल्पा साय ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच करने के आदेश दे दिए हैं। साथ ही 3 दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है। सहायक आयुक्त ने कहा है कि यदि प्रतिवेदन में आरोपों की सत्यता पाई जाती है तो अधीक्षिका के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि यह पूरा मामला बसना विकासखंड के प्राथमिक आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा का है। आश्रम में निवासरत छात्राओं ने अधीक्षिका गीता पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चियों का कहना है कि हॉस्टल अधीक्षिका न सिर्फ उनसे घरेलू काम कराती हैं बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त भी करती है। लिहाजा परिजन भी अब इसके विरोध में खड़े हो गए हैं और जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ से लिखित शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद विभाग ने जांच कमेटी गठित कर दी है। कमेटी के तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।