महासमुन्द
कहा-बैराज से शराब फैक्ट्री को पानी नहीं देंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 सितंबर। समोदा बैराज से पिकाडिली शराब फैक्ट्री को पानी दिए जाने का विरोध अब तेज होने लगा है। इस बैराज से क्षेत्र के 48 गांवों तक समूह जल प्रदाय योजना के तहत पानी पहुंचाने की योजना है। लेकिन इसी बैराज से शराब फैक्ट्री को पानी दिए जाने की अनुमति भाजपा सरकार जल संसाधन विभाग द्वारा 29 अक्टूबर 2024 को दी गई है। इससे नाराज क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रमुखों की बैठक कल पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के नेतृत्व ने तुमगांव के संत माता कर्मा सदन में आयोजित की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से समोदा बैराज से पिकाडिली शराब फैक्ट्री को पानी दिये जाने का विरोध करने की रणनीति बनाई गई। इस दौरान प्रमुख रूप से इस मुद्दे पर चर्चा हुई कि समोदा बैराज से जब क्षेत्र के 48 ग्रामों को पानी दिये जाने की योजना है, तो पिकाडिली शराब फैक्ट्री को पानी क्यों दिया जा रहा है? यदि शराब फैक्ट्री को पानी दिया गया तो गांवों तक पानी कैसे पहुंच पाएगा?
इस दौरान पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में क्षेत्र के 48 गांवों में जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए समोदा बैराज से गांवों तक पानी पहुंचाने की योजना बनी थी। जिसे वर्तमान सरकार द्वारा विफल करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सरकार के इस तानाशाही निर्णय का पुरजोर विरोध करते हैं। हम सरकार के हर उन सभी निर्णय का विरोध करते हैं जो जनहित के विरुद्ध हो।
उन्होंने कहा कि समोदा बैराज से महासमुंद विधानसभा के 48 ग्रामों के 15238 परिवारों के 70 हजार आबादी को 12909 नल कनेक्शन के माध्यम से समोदा-अछोला जल प्रदाय योजना के तहत पानी देना प्रस्तावित है। इसी बैराज से पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज को बीयर व शराब निर्माण के लिए जलापूर्ति किये जाने हेतु अलग से इंटेकवेल का निर्माण किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो इन 48 ग्रामों को पानी देना संभव नहीं हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि समोदा बैराज का जलभराव क्षमता 29.91 एमसीएम है। रायपुर जिला के ग्राम खरोरा स्थित अडानी के कारखाने को इसी बैराज के जलभराव का कुल क्षमता के 19 एमसीएम पानी की आपूर्ति की जा रही है। शेष 10 एमसीएम पानी में से खरोरा नगर पंचायत को भी नल-जल योजना के तहत इसी बैराज से पानी दिया जा रहा है। यदि यहां से शराब फैक्ट्री पिकाडिली एग्रो इंडस्ट्रीज को भी जलापूर्ति किया गया तो 48 ग्रामों तक पानी पहुंच पाना संभव नहीं होगा। सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
बैठक में उपस्थित ग्राम बंदोरा, छपोराडीह, खड़सा, जलकी, भोरिंग, पासिद, परसाडीह, अछरीडीह, अचानकपुर,बांसकुड़ा, अमलोर, सुकुलबाय, लहंगर, अछोला, गढ़सिवनी, घोड़ारी, बिरकोनी, सिरपुर, खैरझिटी, तेंदुवाही, अछोली, बोरिद, बिरबिरा, केडियाडीह, बरबसपुर, कुकराडीह, मोहकम, जोबा, मालीडीह, बेलटुकरी, पिरदा, चुहरी, पीढ़ी, कर्राडीह, मुडिय़ाडीह, नांदबारू, बडग़ांव, केसलडीह,फुसेराडीह, खिरसाली, गुडरूडीह, खट्टीडीह, खमतराई, रायकेरा, मरौद, सेनकपाट, कुहरी, अमावस के ग्रामीणों ने एक स्वर में शराब फैक्ट्री को समोदा बैराज से पानी दिये जाने का विरोध किया तथा आगामी समय में वृहद रूप से विरोध प्रदर्शन करने हामी भरी।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने गोपालपुर एनीकेट से करणीकृपा संयंत्र को अप्रत्यक्ष रूप से कोडार का पानी देने का भी विरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि भाजपा की सरकार ने उनके साथ धोखा किया है। ग्रामीणों ने इस दौरान पूर्व विधायक विमल चोपड़ा के विरूद्ध निंदा प्रस्ताव भी पारित की। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा बार-बार कहते फिरते हैं कि कांग्रेस शासनकाल में इन उद्योगों को स्थापित करने की अनुमति मिली है। लेकिन उन्हें ज्ञात होना चाहिए कि वर्तमान के भाजपा सरकार में इन उद्योगों को समोदा बैराज से तथा गोपालपुर एनीकेट से पानी दिये जाने की अनुमति दी गई है। यदि वे सच्चे किसान हितैषी हैं तो अपने सरकार को पत्र लिखकर समोदा बैराज से पिकाडिली शराब फैक्ट्री को पानी देने तथा गोपालपुर एनीकेट से करणीकृपा संयंत्र को दिये जा रहे पानी के अनुबंध को निरस्त कराएं और किसानों के हक में सामने आकर लड़ाई लड़ें। ना कि व्यर्थ की बयानबाजी कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास करें। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद केके साहू तुमगांव,पूर्व सरपंच अन्नु चंद्राकर, कुसुम साहू, झगेश्वरी साहू, राधा साहू तुमगांव, कमल साह, तुलसीराम साहू, जयश्री दास गढ़सिवनी, शत्रुहन कुमार श्रीवास समेत चालीस गांवों के सैंकड़ों किसान उपस्थित थे।