महासमुन्द

निकायों में बिना परीक्षण राशन कार्ड में नाम जुड़वाए जा रहे...
17-Sep-2025 3:02 PM
निकायों में बिना परीक्षण राशन कार्ड में नाम जुड़वाए जा रहे...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17सितंबर। जिले के नगरीय निकाय जनपदों में अब बाबुओं से सांठ-गांठ कर सामान्य राशन में कार्ड धारियों के सदस्यों के नाम फर्जी तरीके से प्राथमिक व अंत्योदय कार्ड में जोडऩे का मामला प्रकाश में आ रहा है। लगातार खाद्य विभाग को इस तरह की शिकायतें मिल रही है। लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी सभी निकायों के अधिकारी को कार्रवाई किये जाने के लिए आदेश दिया है।  मिली जानकारी के अनुसार पूर्व लोकसभा प्रत्याशी संतोष बंजारे पचेड़ा तथा प्रियंका मिश्रा वार्ड.1 बागबाहरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिले के निकायों में बिना परीक्षण अपात्रों के नाम को गलत तरीके से दादी के अंत्योदय राशन कार्ड में जोड़ा जा रहा है। अंत्योदय तथा प्राथमिकता कार्ड खासकर एकल, विधवा, परित्यक्ता के  लिये विशेष होता है।

 लेकिन अनेक शासकीय नौकरी पर पदस्थ कर्मचारी तथा अन्य अपात्र अपने बच्चों के नाम सामान्य से हटाकर दादा-दादियों के कार्ड में जुड़वा रहे हैं।  शिकायत में लेख किया गया है कि यदि गलत तरीके से लाभ प्राप्ति के लिये ऐसा किया जा रहा तो बच्चों के पिता का नाम भी दादा-दादियों के साथ ही जोड़ा जाए ताकि अन्य स्थान पर राशन कार्ड न बने और गुलाबी राशन कार्ड में नाम न जुड़ सके। साथ ही विभाग को गलत जानकारी देने वाले के विरूद्ध कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में संचालनालय नया रायपुर ने कहा कि राशन कार्ड में सदस्य जोडऩे अंतरित करने हेतु सक्षम अधिकारी द्वारा सामाजिक एवं जातीय मापदंड पर आधारित जनगणना 2011 में किये गये रिपोर्ट के साथ परिवार के सदस्यों का मिलान किया जावेगा।

सही पाए जाने पर परिवार की जानकारी की छायाप्रति आवेदन के साथ संलग्न करेगा। यदि राशन कार्ड में नाम जोडऩे, अंतरित करने की झूठी जानकारी आवेदक देता है। या फिर सत्य साक्ष्य छिपाता है तो उसके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 193, 463, 467, 468 एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट