महासमुन्द
हिन्दी दिवस पर आस्था साहित्य समिति की राष्ट्रभाषा स्वाभिमान काव्य गोष्ठी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16सितंबर। आस्था साहित्य समिति महासमुंद द्वारा 14 सितंबर हिन्दी दिवस के अवसर पर साहित्यकार एस चन्द्रसेन के निवास स्थान जीवन सदन त्रिमूर्ति कालोनी महासमुंद में राष्ट्रभाषा स्वाभिमान काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में वरिष्ठ समाजसेवी दाऊलाल चंद्राकर उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार एस.चन्द्रसेन ने की। कार्यक्रम का आरंभ वरिष्ठ साहित्यकार आनंद तिवारी रचित हिन्दी गीत जय जय पावन वसुंधरा से हुई जिसका पाठ सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने किया।
काव्य गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए समिति के अध्यक्ष आनंद तिवारी पौराणिक ने अपनी कविताएं पढ़ी। कहा कि चलो धरा से नील गगन तक हिन्दी का यश फैलाएं, शीर्ष हिमालय, चरण जलधि तक ध्वज अपना फहरायें। साहित्यकार अशोक शर्मा ने काव्य गोठी को आगे बढ़ाते हुये कहा कि अदांज भी नहीं था, उसे कुछ उड़ान का, अब न वह जमीन का न आसमान का। डा. साधना कसार ने कहा कि हिन्दी भाषा शान हमारी हिन्दी भाषा पहचान है।
काव्य गोष्ठी को नई ऊंचाई देते हुए श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने कहा कि हिन्दी हूं मैं हिन्द वतन की जन-जन के अभिमान की। सम सामयिक परिस्थितियों पर हिन्दी की व्यथा को बताते हुए सरिता तिवारी ने पंक्तियां पढ़ीं कि बनी द्रौपती खड़ी हिन्दी, समस्या है गंभीर। पत्रकार एवं साहित्यकार उत्तरा विदानी ने कहा कि सुन हिन्दी आज तेरा सम्मान होगा।
कार्यक्रम का संंचालन करते हुए शिक्षक साहित्यकार टेक राम सेन चमक ने कहा कि हमारे पूर्वज तस्वीरों से अधिक पेड़ों पर रहते हैं, जड़ों में पसरी हुई हैं उनकी सांसें। काव्य गोष्ठी के अवसर पर डॉ.रामशरण चंद्राकर एवं हास्य कवि सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने कार्यक्रम में अपनी मनभावन पंक्तियां समर्पित की।
मुख्य अतिथि की आसंदी से उपस्थित समाजसेवी दाऊलाल चंद्राकर ने कहा कि आस्था साहित्य समिति ने विविध साहित्यिक गतिविधियों के लिये शहर में अलग पहचान स्थापित किया है। उन्होंने भी छात्र जीवन की कविता सुनाकर हिन्दी दिवस को सार्थक किया। साहित्य प्रेमी एवं शिक्षा विद् के आरण् चंद्राकर ने कहा कि हिन्दी भाषा को विश्वव्यापी बनाने के लिये हम सभी को सार्थक पहल करनी होगी। आभार प्रदर्शन एस.चन्द्रसेन ने किया। उक्त जानकारी साहित्यकार टेकराम सेन ने दी है।