महासमुन्द

गांव-गांव में मुनादी कर खिलाडिय़ों के पंजीयन पर जोर
16-Sep-2025 3:42 PM
गांव-गांव में मुनादी कर खिलाडिय़ों के पंजीयन पर जोर

सांसद खेल महोत्सव तैयारी बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 सितंबर। सांसद खेल महोत्सव 2025 के सफल आयोजन की तैयारियों एवं खिलाडिय़ों के पंजीयन को बढ़ावा देने हेतु कल सुबह 10 बजे कलेक्टर विनय लंगेह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आकस्मिक समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर उन्होंने अधिक से अधिक खिलाडिय़ों को पंजीकृत कराने, बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा फिट इंडिया, फिट युवा फॉर विकसित भारत के उद्देश्य को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।

कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्देश दिए कि विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 19 से 24 वर्ष आयु वर्ग के खिलाडिय़ों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराया जाए। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितम्बर निर्धारित की गई है। कलेक्टर ने सभी पंचायत सचिवों को गांव-गांव में मुनादी कर खिलाडिय़ों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

महोत्सव में दो आयु वर्गों 14 से 19 वर्ष एवं 19 से 24 वर्ष के लिए कबड्डी खो.खो एवं वॉलीबॉल जैसे सामूहिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। वहीं व्यक्तिगत खेलों में 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, बैडमिंटन एवं गेड़ी दौड़ शामिल होंगे। एकल खेलों में तीन आयु वर्ग 14-17, 18-20 एवं 21-24 वर्ष के खिलाड़ी भाग लेंगे।

खेल महोत्सव का आयोजन पहले संकुल स्तर पर किया जाएगा। फिर विधानसभा और आखिर में लोकसभा स्तर पर किया जाएगा। महासमुंद जिले में 30 संकुल हैं जबकि धमतरी एवं गरियाबंद जिलों में 10-10 संकुलों में प्रतियोगिताएं होंगी।


अन्य पोस्ट