महासमुन्द

परिवार संग रोज चंडी मंदिर आने वाली बुजुर्ग मादा भालू की मौत, संजय कानन में अंतिम संस्कार
15-Sep-2025 4:13 PM
परिवार संग रोज चंडी मंदिर आने वाली बुजुर्ग मादा  भालू की मौत, संजय कानन में अंतिम संस्कार

मौत का कारण स्पष्ट नहीं, बिसरा जांच के  लिए भेजा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 सितंबर। बागबाहरा वन परिक्षेत्र के चंडी माता मंदिर परिसर के पास रविवार सुबह एक मादा भालू मृत अवस्था में मिली। मृत भालू की उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

 विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी। सूत्रों के मुताबिक मृत भालू वही है जो अपने 6 अन्य साथियों के साथ अक्सर मंदिर परिसर के आसपास देखी जाती थी।

बताया जा रहा है कि करीब 15 दिन पहले उसके बीमार होने का भी पता लगा था। इस बारे में रेंजर लोकनाथ ध्रुव ने बताया कि गश्त के दौरान टीम ने मंदिर परिसर के पीछे स्थित वाहन पार्किंग स्थल के पास भालू को मूर्छित अवस्था में देखा था। नजदीक जाकर जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई। भालू का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की संभावना है। विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में किसी बीमारी की संभावना से इनकार करते हुए इसे प्राकृतिक मौत बताया है।

वन विभाग के अनुसार भालू जैसे वन्य प्राणियों से छेड़छाड़ न केवल उनके लिए खतरनाक है बल्कि यह कानून गंभीर अपराध भी है। इस घटना के बाद विभाग ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से वन्य प्राणियों के प्रति जिम्मेदारी दिखाने और उनसे दूरी बनाए रखने की अपील की है।

बहरहाल, चंडी मंदिर में रोज आने वाले भालू परिवार के सबसे उम्रदराज सदस्य भालू की मौत के बाद वन विभाग ने मृत भालू के शव का स्थानीय संजय कानन में पीएम के बाद जलाने की प्रक्रिया पूरी की है। भालू के मौत की खबर चर्चा का विषय बना हुआ है। मंदिर प्रशासन में भी भालू की मौत से शोक है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग को पहाड़ी में भालू के शव पड़े देखे जाने की खबर पर वन विभाग उसके शव को उठाकर संजय कानन फारेस्ट डिपो में ले आयी। जहां तीन पशु चिकित्सक डॉ.ए आर घृतलहरे, डॉ. लिलेश्वर चौधरी एवं डॉ.आयुष यादव ने उसके शव का पीएम किया।

चिकित्सकों के अनुसार लगभग 12 वर्षीय भालू की मौत दो तीन दिन पहले होने का अनुमान है। उसका शव सडऩ का शिकार हो गया था। उसके शरीर के आतंरिक अंग सड़ गये थे। उन्होंने बताया कि उसके शरीर में किसी प्रकार के प्राण घातक चिन्ह नहीं मिले है। अत: प्रथम दृष्टया उसकी मौत सामान्य होने का अनुमान है।

 

भालू को कोल्डड्रिंक पिलाने वाला  युवक गिरफ्तार

  बागबाहरा से ही जुड़े एक अन्य मामले में भालू से छेड़छाड़ और उसे कोल्डड्रिंक पिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करण धुरी ग्राम मूढ़ी, तखतपुर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।


अन्य पोस्ट