महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15सितंबर। तहसील पटवारी संघ महासमुंद ने अविश्वास प्रस्ताव के जरिये वर्तमान अध्यक्ष चंद्रभान साहू को पद से हटाकर जिला संघ की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित कर दिया है और जिला कार्यकारिणी की इसी बैठक में सर्वसम्मति से रामनारायण चंद्राकर को कार्यवाहक तहसील अध्यक्ष महासमुंद चुन लिया है।
हटाए गए तहसील अध्यक्ष चंद्रभान साहू पर गंभीर कदाचरण, संघ की गतिविधियों में निष्क्रियता, संघ विरोधी कार्य, वाट्सएप मैसेज में अश्लील शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। तत्संबंध में गत 14 जून को तहसील संघ ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर अध्यक्ष चंद्रभान साहू को पद से हटाने का प्रस्ताव पारितकर जिला कार्यकारिणी को दिया था। तत्संबंध में राजस्व पटवारी संघ जिला महासमुंद की जिला कार्यकारिणी ने तहसील
महासमुंद में बैठक आयोजित कर अध्यक्ष चंद्रभान साहू को स्वयं उपस्थित होकर अपना विश्वास मत हासिल करने का अवसर दिया था। बैठक में पारित प्रस्ताव में लिखा गया है कि वे स्वास्थ्यगत कारणों का हवाला देकर जान बूझकर बैठक में नहीं आए। तब उनके खिलाफ उक्त कार्रवाई करते हुए तहसील पटवारी संघ एवं जिला संघ के वाट्सएप ग्रुप से भी पृथक कर दिया गया। साथ ही संघ की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित किया गया। बैठक में ही रामनारायण चंद्राकर को तहसील संघ का कार्यवाहक अध्यक्ष चुन लिया गया। जिलाध्यक्ष कमलेश डहरे की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें जिला सचिव, जिला उपाध्यक्ष, सभी तहसील अध्यक्ष तथा पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित सिराज बख्श, विजय राजपूत आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।