महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की सचिव आफरीन बानो से मिली जानकारी अनुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में 13 सितंबर को जिला न्यायालय महासमुंद एवं तहसील पिथौरा, सरायपाली, बसना और बागबाहरा स्थित सिविल, श्रम न्यायालय एवं राजस्व न्यायालयों में खण्डपीठों का गठन कर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया।
नेशनल लोक अदालत की उक्त सभी खण्डपीठों में श्रमिक विवाद, बैंक रिकवरी प्रकरण, विद्युत एवं देयकों के अवशेष बकाया की वसूली और राजीनामा योग्य अन्य मामले के बकाया की वसूली संबंधी प्री लिटिगेशन मामले, राजस्व न्यायालयों से संबंधित प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गये थे।
उक्त मामलों के अलावा राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधि. की धारा 138 के अधीन परिवाद पर संस्थित मामले, मोटर दुर्घटना दावा संबंधी मामले तथा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 क के तहत विद्युत चोरी के मामले तथा सिविल मामले भी नियत किये गये थे।
उक्त खण्डपीठों में उपरोक्त सभी मामलों की सुनवाई करते हुए जिला महासमुंद स्थित विभिन्न न्यायालयों में प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार प्री-लिटिगेशन संबंधित मामलों में बैंक रिकवरी के 2 हजार 122 प्रकरणों में 15 लाख 53 हजार 144 रुपए का अवार्ड पारित किया गया। विद्युत के एक हजार 868 प्रकरणों में 19 लाख 25 हजार 710, श्रम प्रकरण के 27 मामलों में 11 लाख 80 हजार 700, एमएसीटी के 43 प्रकरण में 5 करोड़ 04 लाख 90 हजार, एनआई एक्ट 138 के 38 प्रकरणों में एक करोड़ 35 लाख 58 हजार 523 तथा 17 अन्य सिविल प्रकरणों का निराकरण कर एक करोड़ 07 लाख 87 हजार 639 रुपए अवार्ड पारित किया गया। जिले के सभी तहसील एवं अनुभाग क्षेत्रों के राजस्व न्यायालयों के माध्यम से 54 हजार 840 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
सुलह एवं समझौता के आधार पर विभिन्न खंडपीडों के माध्यम से कुल 62 हजार 218 प्रकरणों का निराकरण किया गया और उनमें 14 करोड़ 94 लाख 68 हजार 626 रुपए के अवार्ड पारित किए गए। विभिन्न प्रकरणों में उपस्थित पक्षकारों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय में स्थापित सभी खंडपीठों के पीठासीन अधिकारियों द्वारा पौधरोपण करने का संदेश देते हुये पक्षकारों को पौधे वितरित किये गये।