महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12सितंबर। महासमुंद वनमंडल में दो दंतैल हाथी की दस्तक से लोग एक बार फिर दहशत में हैं। महासमुंद गरियाबंद सीमा पर स्थित दर्जन भर गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। ये दोनों दंतैल हाथी कल गुरुवार को वन परिक्षेत्र फिंगेश्वर रेंज के गुंडरदेही गांव के खेत के आसपास विचरण करते देखे गए हैं। इस स्थिति में गुंडरदेही, बम्हणदेही, नाचनबाय, मंदबाय के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।
महासमुंद वन परिक्षेत्र के रेंजर सियाराम कर्मकार ने बताया कि दो दंतैल हाथी गुरुवार को गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर वन क्षेत्र के गांवों में घूम रहे है। ये गुरूवार रात में वन मंडल गरियाबंद के वन परिक्षेत्र फिंगेश्वर रेंज से निकल कर वन मंडल महासमुंद जिला में प्रवेश कर सकता है।
क्योंकि हाथियों की दूरी जिले के बार्डर से मात्र 2.1 किलोमीटर है। इसके लिए महासमुंद जिले के ग्राम जिवतरा, धनसुली, कोना, बकमा, केशवा, खट्टी, बोरियाझर के आसपास के ग्रामीणों को वन विभाग ने अलर्ट जारी कर सतर्क रहने कहा है।