महासमुन्द

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 7 सितंबर। तुमगांव थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 53 के पास स्थित एक मकान में रविवार को स्थानीय लोगों ने देह व्यापार के संदेह में छापेमारी की। इस दौरान चार महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में बड़ी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह वही मकान है, जहां कुछ समय पहले नगर पंचायत अध्यक्ष पर छेड़छाड़ का आरोप दर्ज किया गया था। अब इसी घर में संदिग्ध गतिविधियों के उजागर होने से चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार पकड़ी गई महिलाएं रायपुर, धमतरी, अंबिकापुर और मुंबई (महाराष्ट्र) की हैं। यह मकान अनीता ढीढी का बताया जा रहा है, जिस पर पहले भी देह व्यापार में संलिप्त होने के आरोप लगे थे और जिसे पुलिस ने पहले गिरफ्तार भी किया था।
स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि अलग-अलग जिलों और शहरों से महिलाएं बार-बार इसी मकान में क्यों आती हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह गतिविधि चल रही है, लेकिन पुलिस ने इसे रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। हाल ही में नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला भी रायपुर की थीं और हर रोज सुबह तुमगांव आती हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय खुद तुमगांव थाना पहुंची और महिलाओं से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।