महासमुन्द

महासमुंद पहुंचे टीएस सिंहदेव, कहा-अर्जुन की तरह मेरा एक ही लक्ष्य-अगली बार देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने
02-Sep-2025 3:57 PM
महासमुंद पहुंचे टीएस सिंहदेव, कहा-अर्जुन की तरह मेरा एक ही लक्ष्य-अगली बार देश-प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,2सितंबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव कल महासमुंद के दौरान कांग्रेस भवन पहुंचे। जहां कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। टी एस सिंह देव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इससे पहले हमने 5 साल सफलतापूर्वक शासन चलाया। किसान,आम नागरिक से लेकर सभी वर्गों के लिए काम किया। किन्हीं कारणों से हम इस बार सरकार नहीं बना पाए। पर अब की बार हमें एकजुट होकर संगठन, बूथ इकाई, मंडल व सभी स्तर पर जोर-शोर से एक साथ मिलकर कार्य करना है। मेरे पास राजनीति में जो समय शेष रह गया है, उसमें अर्जुन की तरह मेरा एक ही लक्ष्य है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बने और लोकसभा में भी हम अधिक से अधिक सीट जीतकर देश में कांग्रेस की सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।

उन्होंने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव के लिए 40 माह का समय बचा है। पर इसके लिए अभी से तैयारी शुरू करना जरूरी है। एकजुट होकर सबको साथ लेकर, अपनी व्यक्तिगत लालसा को दूर रखकर केवल एक ही लक्ष्य रहे कि हमें कि हमें प्रदेश में अगली सरकार बनाना है यह संकल्प लेकर काम करना होगा। भाजपा के इस कार्यकाल में बाहर से उद्योगपति यहां आकर सरकार से मिलीभगत कर अनैतिक तरीके से अपना कब्जा जमा रहे हैं। यह नीति छत्तीसगढ़ की जनता के हित में नहीं है। इसलिए परिवर्तन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी को कमजोर नहीं समझना चाहिए। सरकार अच्छा काम नहीं कर रही, इसलिए वह हार जाएगी। केवल एक कारण से हम जीत नहीं सकते। जीत के लिए संगठन की मजबूती बहुत जरूरी है।

 इसके बाद ए एन एम कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे टी एस सिंह देव ने संबोधन में कहा कि कांग्रेस के चुनाव हारने के कारणों में एक कारण यह है कि घोषणा पत्र में नियमितिकरण करने के घोषणा को पूरा न कर पाना है।


अन्य पोस्ट