महासमुन्द

खाद किल्लत-कालाबाजारी, किसानों का नेशनल हाईवे-53 पर चक्काजाम
02-Sep-2025 2:59 PM
खाद किल्लत-कालाबाजारी, किसानों का नेशनल हाईवे-53 पर चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,2सितंबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में लंबे समय से खाद की किल्लत और खाद की कालाबाजारी चल रही है। जिससे अंचल के किसान काफी आक्रोशित हैं। किसानों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा और बसना विधानसभा के सांकरा अंचल के सैकड़ों किसानों ने नेशनल हाईवे-53 में चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। घंटों चक्काजाम कर किसानों ने  शासन प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इसमें कांग्रेस के किसान नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।  गौरतलब है कि धान बोआई के महीनों बीत जाने के बाद भी किसानों को सरकारी सोसायटियों के माध्यम से अब तक पर्याप्त मात्र में खाद की आपूर्ति नहीं की गई है। महासमुंद जिले में खाद की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ  किसानों में भारी आक्रोष है। किसानों का कहना है कि जो खाद सोसायटी में उपलब्ध नहीं है वह प्राइवेट सेक्टर में कैसे आ रहा है। खाद नहीं मिलने से एक तरफ  किसान परेशान हैं, उनकी फसल खराब हो रही है। वहीं दूसरी ओर किसानों का सवाल है कि अगर सरकारी सोसायटियों में खाद आपूर्ति नहीं है तो फिर प्राइवेट सेक्टरों के दुकानों में कैसे ट्रकों से यूरिया और अन्य खाद पहुंच रहा है।  मोक्ष प्रधान जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि कल सोमवार को किसान खेती-किसानी छोडक़र सडक़ पर बैठने को मजबूर हो गये। सरकार लगातार कह रही है कि खाद की कोई कमी नहीं है तो किसान प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि 29 अगस्त तक किसानों ने जिला प्रशासन को खाद उपलब्ध कराने का समय दिया था लेकिन खाद सिर्फ 1-2 गाड़ी में भरकर भेज दिया गया। कुछ सोसायटी में खाद पहुंचा और बाकियों में नहीं। अत: मजबूरन हमको यहां चक्काजाम करना पड़ा। उन्होनें कहा कि मार्केट में खाद की कालाबजारी हो रही है।

जागेश्वर जुगनू चंद्राकर जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि सककार प्राइवेट सेक्टर को बढ़ावा दे रही है। शासन प्रशासन जानबूेझकर किसानों को खाद उपलब्ध नहीं करा रही है। किसान प्राइवेट सेक्टर से 266 रुपए कीमती यूरिया को 1000 रुपए में खरीदने को मजबूर हैं। दुकानदार खाद की कालाबाजारी कर किसानों को मनमाने कीमत पर बेच रहे हैं। किसानों ने ओडि़शा में खाद की तस्करी करने का आरोप भी लगाया है।  इस मामले में ब्रजेश कुमार वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी कहना है कि शासन की ओर से खाद की आपूर्ति कम हो रही है इसलिए समस्या आ रही है। फिलहाल किसानों को समझाया गया है कि और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई है। हम कालाबाजारी पर कार्रवाई कर रहे हैं। जिले में करीब 40 दुकानों का लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। आगे भी ज्यादा मूल्य पर बेचने पर कार्रवाई करेंगे।  किसानों का कहना है कि खेती किसानी के लिए किसानों को यूरिया डीएपी की कितनी जरूरत होती है ये बात शासन-प्रशासन समेत हर कोई जानता है। इसके बाद भी सोसायटी में खाद की कमी होना और दुकानों में भारी मात्रा में मिलना सवाल खड़े करता है। आंदोलनरत किसानों ने खाद किल्लत को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।


अन्य पोस्ट