महासमुन्द
किसानों ने कावेरी सीड्स के नर-नारी धान की फसल ली थी,फसल कटते ही उठाकर ले गया कंपनी का स्टॉफ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अगस्त। महासमुंद जिले के विभिन्न गांवों के 40 किसानों ने कावेरी कंपनी के अधिकारियों पर 1.24 करोड़ रुपए धान का भुगतान नहीं करने का गंभीर आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उन्होंने कलेक्टर के नाम से उप संचालक कृषि को ज्ञापन सौंपकर तथा बागबाहरा क्षेत्र प्रभावित किसानों ने बागबाहरा थाने लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
किसानों का कहना है कि जिले के विभिन्न गांवों के 40 किसानों ने कावेरी सीड्स के नग नारी धान की फसल ली थी। कंपनी के एजेंट, ऑर्गनाइजर समेत कंपनी के कर्मचारियों ने फसल कटते ही धान का उठाव कर लिया। इसके बाद इन किसानों को 4 महीने बीत जाने के बाद भी रुपए नहीं मिले हैं।
किसानों ने किसान नेता जागेश्वर जुगनू चंद्राकर के साथ जाकर कृषि उप संचालक को तथा बागबाहरा थाने में वहां के कृषकों ने इस कंपनी के कर्मचारियों की शिकायत कर शीघ्र राशि दिलाने तथा कार्रवाई की मांग की है।
किसानों ने एजेंट समेत कंपनी के अन्य कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है और धान के रुपए दिलाने की मांग की है। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि महासमुंद ब्लॉक के 32 तथा बागबाहरा ब्लॉक के 8 कुल 40 किसानों का 1 करोड़ 23 लाख 72 हजार रुपए का भुगतान कंपनी ने नहीं किया है। 25 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से फसल कटाई के तुरंत बाद भुगतान करने की बात कंपनी ने कही थी।