महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अगस्त। पोला त्यौहार आज महासमुंद जिले में धूमधाम से मनाई गई। जिले केगांवों में सुबह से ही बैलों को नहला धुलाकर श्रृंगार करके पूजा की गई है, वहीं मिट्टी के नांदिया बैलों को भी सजा-धजा कर पूजा की गई है। इस त्यौहार को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। मिट्टी से बने जांता, बाल्टी, घड़ा,चूल्हा समेत रसोई के तमाम तरह के बर्तनों की भी पूजा की गई है और साल भर पशुधन के स्वस्थ रहने तथा रसोई में धन धान्य भरे रहने की कामना के साथ बच्चों को सारे खिलौने खेलने के लिए दिए गये हैं। जिले के खैरा समेत कुछ गांवों में आज बैल दौड़ का आयोजन भी किया गया है। मालूम हो कि इस पर्व को लेकर सप्ताह भर पहले से ही खरीददारी चल रही थी। पर्व के एक दिन पूर्व कल शुक्रवार को महासमुंद शहर में पोला खरीदी के लिए काफी भीड़ रही। शहर के नेहरू चौक चौक, गोलबाजार, मेन रोड में सडक़ किनारे मिट्टी के नांदिया बैल, पोरा, जांता, दीया सहित अन्य रंगबिरंगी सामग्री खरीदने लोगों की भीड़ लगी रही। यह पर्व मुख्य रूप से कृषि में पशुओं की निर्भरता को दर्शाता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। बच्चे मिट्टी के खिलौनों से खेल कर खेल-खेल में ही जीवन का संदेश सीखते हैं। मिट्टी के बैल व खिलौने बेचने,मिट्टी के बैल जोड़ी की कीमत 80 रुपए से लेकर 100 एवं 150 रुपए रहा। पोरा जांता 100 से 150 रुपए सेट में मिला। दीया 100 से 150 रुपए सैंकड़ा बिका। दूरदराज के ग्रामीण सामान खरीदने कल शहर पहुंचे थे और आज भी इन दुकानों में ग्राहकों की काफी भीड़ जमा है। इस बार लकड़ी के खिलौने व बैल जोड़ी की भी डिमांड रही। महंगाई के कारण लकड़ी के बैलों की कीमत इस बार बढ़ी है। सिंगल जोड़ी बैल की कीमत 50 रुपए हैं। डिजाइनर बैलों की कीमत 200 रुपए तक है। ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार खरीद पाला का सामान खरीद रहे हैं। घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजन चीला, पपची, खुरमी, ठेठरी तैयार है।