महासमुन्द

सरायपाली में बनेगा अंतरराज्यीय बस स्टैंड
23-Aug-2025 4:02 PM
सरायपाली में बनेगा अंतरराज्यीय बस स्टैंड

ड्राइंग डिजाइन, नक्शा, लोकेशन समेत 10 करोड़ का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,23अगस्त। महासमुंद जिले के आखरी छोर पर स्थित विकासखंड सरायपाली में जल्द ही अंतरराज्यीय बस स्टैंड बनाया जाएगा। सरायपाली नगर पालिका की ओर से इसकी कवायद शुरू कर दी है। इस प्रोजेक्ट के लिए पालिका ने ड्राइंग डिजाइन, नक्शा और लोकेशन फाइनल कर 10 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर राज्य शासन को भेजा है। कहा जा रहा है कि इस बस स्टैंड के बन जाने से क्षेत्र में सुविधा विस्तार के साथ ही रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। क्षेत्र में विकास को नया आयाम मिल सकेगा।

मालूम हो कि  07 दिसंबर 2022 को भेंट मुलाकात में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बलौदा पहुंचे थे। उन्होंने सरायपाली में अंतरराज्यीय बस स्टैंड बनाने की घोषणा की थी। इसके बन जाने से ओडिशा सहित अलग-अलग राज्यों में आवागमन के लिए लोगों को एक ही स्थान से बसों की सुविधा मिलने लगेगी। यहां आने वाले यात्रियों को हर प्रकार की सुविधा देने कमर्शियल कॉम्पलेक्स बनेंगे। जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके अलावा आसपास के इलाके का विकास और विस्तार भी होगा। जिससे सरायपाली क्षेत्र के लोगों को आने वाले दिनों में बड़ा लाभ मिलेगा। इस बस स्टैंड के लिए सरायपाली में बस स्टैंड के लिए न्यू सर्किट हाउस के पास एनएच 53 पर 13 एकड़ जमीन फाइनल की गई है। बस स्टैंड बनाने के लिए पहले 5.85 करोड़ का प्रस्ताव नगर पालिका की ओर से भेजा गया था। इस प्रस्ताव में विस्तार करते हुए बजट को बढ़ाया गया और नए सिरे से 10 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। अब नए बजट के हिसाब से सुविधाओं और निर्माण के क्षेत्रफल को भी बढ़ाया जाएगा। ताकि इस निर्माण में लंबे समय तक बदलाव की दरकार ना रहे। सीएमओ सरायापील नगर पालिका अशोक शर्मा के मुताबिक अलग-अलग प्रस्तावित स्थालों का निरीक्षण किया गया। अंतरराज्यीय बस स्टैंड के मानक के अनुरूप प्रस्ताव तैयार किया गया। जनता और जनप्रतिनिधियों से भी रायशुमारी की गई। इसके बाद स्थल का चयन कर सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की आशा है। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर साबित होगा, क्षेत्र की नई पहचान बनेगी, सुविधाएं बढ़ेंगी। आर्थिक विकास का         रास्त भी खुलेगा। सीएमओ का कहना है कि सरायपाली में अंतरराज्यीय बस स्टैंड बन जाने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, व्यापार बढ़ेगा, बाहर से लोग आएंगे वहीं इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से सरायपाली को एक नई पहचान भी मिलेगी।

वैसे अंतरराज्यीय बस स्टैंड की सौगात मिलने के बाद से क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित हैं। बस स्टैंड बनने से न केवल आवागमन की सुविधा मिलेगी बल्कि यहां पर कामर्शियल कॉम्पलेक्स भी बनेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। वहीं आसपास के क्षेत्र के जमीनों के दाम भी बढ़ेंगे साथ ही इस पूरे इलाके का विकास होगा।


अन्य पोस्ट