महासमुन्द
मिट्टी के बर्तन-खिलौने-बैल इस बार 50-60 से सौ रुपए तक बिक रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22अगस्त। शनिवार को पोला का त्यौहार है। यह पर्व महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए अलग-अलग महत्व रखता है। इस दिन हर घर में विशेष पकवान बनाए जाते हैं। इन पकवानों को मिट्टी के बर्तन, खिलौने में पूजा करते समय भरते हैं। ताकि बर्तन हमेशा अन्न से भरा रहे। बहरहाल जिंदा बैल की अनुपस्थिति में मिट्ी के बैलों को पूजने की परंपरा जारी है।
पोला मुख्य रूप से किसानों का त्योहार है, जो कृषि में बैलों की अहम भूमिका को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। इस दिन किसान अपने बैलों को स्नान कराते हैं, उन्हें सजाते हैं और उनके सींगों पर तेल लगाकर सुंदर रंगों से सजावट करते हैं।
बैलों को फूलों की मालाओं और रंग-बिरंगे कपड़ों से सजाया जाता है। पोला त्योहार भादो माह की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बैलों का श्रृंगार कर उनकी पूजा की जाती है। बच्चे मिट्टी के बैल चलाते हैं। इस दिन बैल दौड़ का भी आयोजन किया जाता है। इस दिन में बैलों से कोई काम भी नहीं लिया जाता। लेकिन अब पूरा दृश्य बदल गया है और जिंदा बैल न के बारबर रह गये हैं। खेती किसानी में मशीनों का उपयोग हो रहा है। लेकिन बैलों को पूजने की परंपरा जारी है। पोला के दिन घरों में महिलाएं व्यंजन बनाती हैं।