महासमुन्द
पुलिस बल पहुंचने पर मामला शांत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 अगस्त। विकासखण्ड की बुंदेली पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत छुइया के आश्रित ग्राम फिरगी में अवैध महुआ शराब एवं स्थानीय कुछ ग्रामीणों द्वारा की जा रही कथित मवेशी तस्करी को रोकने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़ एवं तस्करों के बीच हाथापाई होने से गांव में कल दिन भर तनाव का माहौल रहा। पूरे ग्राम में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने गाय बैलों को ग्राम में ही एक बाड़े में रोक कर रखा गया है। पुलिस बल अभी ग्राम फिरगी में ही सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने डटे हुए हैं। बहरहाल, गांव में अभी माहौल शांत है।
मिली जानकारी के अनुसार कल 21 अगस्त को अवैध तरीके से ग्राम से ओडिशा सीमा की ओर मवेशी ले जाया जा रहा था, जिसे देख पूरे ग्रामीणों ने इन्हें पकड़ कर बुंदेली चौकी में दूरभाष के माध्यम से शिकायत की गई। चौकी से कोई मदद नहीं मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी घर कर गई। देखते ही देखते गांव में माहौल इस कदर बिगड़ा कि पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारी को सूचना मिलते ही जिले के थाना क्षेत्र से भारी संख्या में पुलिस बल फिरगी भेजा गया। पुलिस बल गांव पहुंच कर मामला को शांत करने में सफल हुए, पुलिस बल अभी ग्राम फिरगी में ही सुरक्षा एंव शांति बनाए रखने डटे हुए है। बहरहाल, गांव में अभी माहौल शांत है।
ग्रामीणों के अनुसार इस ग्राम से एक मुहल्ले के निवासी अवैध तरीकें से हर सप्ताह मवेशियों को ले जाकर ओडिशा में बेच रहे हैं, जहाँ से इन मवेशियों को कत्लखाना ले जाने की संभावना को देखते हुए ग्रामीण लगातार इन्हें मना कर रहे थे। परन्तु गुरुवार को उक्त मवेशी ले जाने वाले ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए और अवैध तरीकें से ले जाए जा रहे मवेशी तस्करों से मवेशी को छुड़ाकर बाड़े में रखा गया है। पुलिस बल शांति व्यवस्था के लिए फिरगी गांव में डटे हुए हैं।
बुंदेली चौकी का घेराव
भी किया जा चुका
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत छुईहा के आश्रित ग्राम फिरगी में लगातार मवेशी के अवैध तस्करी एंव हाथ चुलाई शराब को ले कर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है विगत दिनों ग्रामीणों ने बुंदेली चौकी का घेराव कर नाराजगी व्यक्त की थी।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्राम फिरगी के ग्रामीणों ने तेंदुकोना थाना में पदस्थ एक आरक्षक पर गम्भीर आरोप लगाए हंै। ग्रामीणों के अनुसार उक्त आरक्षक का घर फिरगी में ही है। इनके लोगों द्वारा ही महुआ शराब एवं मवेशी तस्करी की जाती है। पुलिस को शिकायत होते ही वे अवैध कार्यो तत्काल निपटा देते हैं, जिससे वे पुलिस पकड़ से दूर रहते हैं। ग्रामीणों ने इस मामले में जांच कर आरक्षक को तत्काल अन्यंत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
दो पक्षों में विवाद, अब
माहौल शांत-चौकी प्रभारी
दूसरी ओर बुंदेली चौकी प्रभारी ने बताया कि फिरगी में दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अब माहौल शांत है।