महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त। गणेश उत्सव इस वर्ष 27 अगस्त से शुरु होगा। शहर के मूर्तिकार भगवान गणेश की प्रतिमा को बनाने में जुट गये हैं।
मालूम हो कि महासमुंद जिले के कुम्हारपारा निवासी मूर्तिकार रिंकू प्रजापति का पूरा परिवार साल भर मूर्तियां बनाता है और जो उससे आमदनी होता है उसी से उनके परिवार का साल भर भरण पोषण भी होता है। यह परिवार साल भर गणेश, दुर्गा, लक्ष्मी , विश्वकर्मा , शंकर आदि की प्रतिमा बनाते हंै। उनकी इको फ्रेण्डली मूर्तियां मिट्टी, पैराकूटी और एवं लकडिय़ों का इस्तेमाल होता है। ताकि पर्व खत्म होने के बाद मूर्ति को घर की बाड़ी, गमले में विसर्जित किया जा सके। मूर्तियों से निकली मिट्टी को फल,सब्जी आदि पौधों में डाल दिया जाता है। इन मूर्तिकारों ने इस वर्ष 11 सौ छोटी बड़ी गणेश जी की प्रतिमा बनाई है। अब उन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन्होंने इस वर्ष 6 इंच से लेकर 10 फीट तक की गणेश की प्रतिमा बनाई है। जिसकी कीमत 200 रुपए से शुरू होकर 45 हजार रुपए तक है। इनकी बनाई मूर्तियां अभनपुर,बिलासपुर,कोरबा, रायपुर, भिलाई, खरियार रोड़ ओडिशा तक बिकने जाती हैं। रिंकू प्रजापति के अनुसार साल भर में अलग-अलग देवी देवताओंं की तीन साढ़े तीन लाख रुपए कीमती मूर्तियां बेचते हैं। महज 30 प्रतिशत लागत वाली मूर्तियों में इनके परिवार की मेहनत होती है लिहाजा दाम अच्छा मिल जाता है।