महासमुन्द
महासमुंद,20अगस्त। एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी,11बी के तहत चार गांजा तस्करों को 7-7 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाए जाने पर एक-एक वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। न्यायालय ने सभी चारों आरोपियों को फरार घोषित किया है और फरारी में उक्त निर्णय पारित किया है। अभियोजन के अनुसार 16 जुलाई 24 को कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम घोयनाबाहरा के पास पुलिस टीम देहात भ्रमण पर रवाना हुई थी। उसी समय मुखबिर से सूचना मिली कि चार व्यक्ति तीन काले रंग के बैग व नीले रंग के बैग में अवैध रूप से गांजा रखकर एनएच 353 सुअरमाल के पास वीरू नायक मुर्गी कटिंग दुकान के सामने बस का इंतजार करते खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा और पूछताछ की तो आरोपियों ने अपना नाम सैय्यद मेहदीमियां, निसार खान, शेख नदीम, बांके सिंह कंसाना गुर्जर बताया। आरोपियों ने बताया कि कोमना ओडिशा से गांजा खरीदकर मप्र व महाराष्ट्र में बिक्री करने हेतु ले जा रहे थे।
बैग की तलाशी लेने पर 15 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक नूतन साहू ने पैरवी की। इस संबंध में विशेष लोक अभियोजक श्री साहू ने बताया कि चार आरोपियों में बांके सिंह कंसाना को छोडक़र तीन ने सरेंडर कर दिया है।