महासमुन्द

फरार आरोपी 24 घंटे में पकड़ाया
20-Aug-2025 3:34 PM
फरार आरोपी 24 घंटे में पकड़ाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,20 अगस्त। डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी सोमवार को दोपहर साथ आये आरक्षक को चकमा देकर फरार हो गया था। जिसे कल शाम को पटेवा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मिशन स्कूल के समीप दबोच लिया।

 पटेवा थाने में आरोपी टिकेश्वर निषाद समोदा थाना आरंग के विरूद्ध धारा 137-2, 69 बीएनएस, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध था। मामले में पुलिस ने उसे उसके गांव समोदा से गिरफ्तार कर सोमवार को दोपहर डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए सीएचसी तुमगांव लाया था। साथ आए आरक्षक ताराचंद दीवान ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद आरोपी को अस्पताल परिसर में बिठाया और खुद डॉक्टर से मिलने चला गया।  तभी आरोपी टिकेश्वर अस्पताल से भागने लगा। आरक्षक ताराचंद ने उसका पीछा दौड़ाकर किया, लेकिन वह जंगल में गुम हो गया। आरक्षक ने तत्काल पटेवा थाने को मामले की सूचना दी। जिस पर पुलिस टीमें खोजबीन में जुटी। लेकिन टिकेश्वर का पता नहीं चला।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कल बिलासपुर जा रहे पटेवा टीआई विनोद कश्यप को आरोपी गोपालपुर के समीप बस का इंतजार करते दिखा।

 श्री कश्यप ने उसे पकडऩे की कोशिश की। लेकिन वह फिर भाग निकला। मुखबिर की सूचना पर कल शाम उसे मिशन स्कूल के समीप तुमगांव में पुलिस ने दबोच लिया।


अन्य पोस्ट