महासमुन्द

सैकड़ों मितानिनों ने घेरा कलेक्टोरेट
20-Aug-2025 3:34 PM
सैकड़ों मितानिनों ने घेरा कलेक्टोरेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 अगस्त। प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ एवं प्रशिक्षक कल्याण संघ ने मोदी की गारंटी छत्तीसगढ़ 2023 के वादों को लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन का कहना है कि चुनाव के दौरान मितानिनों व स्वास्थ्य कर्मियों के हित में कई घोषणाएं की गई थीं। लेकिन अब तक उनका क्रियान्वयन नहीं हुआ है। इसी के विरोध में 7 अगस्त 2025 से पूरे प्रदेश की मितानिनें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।

कल महासमुंद जिले के सैकड़ों मितानिनों ने प्रदेश मितानिन संघ के आव्हान पर कलेक्टोरेट का घेराव कर मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादे पूरे करने की मांग की तथा नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर तेजपाल ध्रुव को ज्ञापन सौंपा।  मालूम हो कि जिले भर में कुल 2200 मितानीन हैं। संघ की जिलाध्यक्ष आरती डडसेना व सचिव अहिल्या साहू ने कहा कि चुनाव पूर्व भाजपा ने मोदी की गारंटी के तहत मितानिनों का संविलियन करने की घोषणा की थी। साथ ही मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम अंतर्गत संविलयन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के वेतन क्षतिपूर्ति में 50 प्रतिशत वृद्धि एवं मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्व डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑडिनेटर एनजीओ के अंतर्गत कार्य नहीं कराने का वादा किया गया था,जो आज तक पूरा नहीं किया गया। इन मांगों को लेकर संघ 7 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है।  मितानिनों ने कहा कि यदि सात दिन के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गयी तो प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। मितातीनों के हड़ताल का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखने लगा है। ग्रामीण इलाकों में प्रसव, टीकाकरण और प्राथमिक इलाज जैसी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।


अन्य पोस्ट