महासमुन्द

आदिवासी बालक छात्रावास मुड़पार को नर्रा ले जाने की कोशिश के बीच विवाद शुरू
20-Aug-2025 3:29 PM
आदिवासी बालक छात्रावास मुड़पार को नर्रा ले जाने की कोशिश के बीच विवाद शुरू

दोनों गांवों में असंतोष की स्थिति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,20 अगस्त। मुड़पार गांव में स्वीकृत आदिवासी बालक छात्रावास को दूसरी जगह यानी नर्रा ले जाने की कोशिश के बीच विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले ने आसपास के तीन गांवों के ग्रामीणों को अशांत कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि छात्रावास को मुड़पार से हटाने नहीं देंगे।

जानकारी के मुताबिक मुड़पार और नर्रा ग्राम पंचायत झिटकी के ही आश्रित गांव हैं। शासन स्तर से यहां आदिवासी बालक छात्रावास निर्माण की स्वीकृति दी गई है। लेकिन स्थल चयन को लेकर गांव में असंतोष की स्थिति बन गई है।

बताया जा रहा है कि छात्रावास का निर्माण के लिए सबसे पहले मुड़पार में स्थल चयन किया गया। लेकिन अब इसे नर्रा में बनाने की तैयारी चल रही है। इसी बात को लेकर मुड़पार के ग्रामीण नाराज हो गए हैं। इस मामले को लेकर मुड़पार के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि प्रशासन स्तर पर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।

इससे नाराज होकर कल तीन गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी बैठक बुलाई। जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। बैठक में छात्रावास छीनने के प्रयास का सामूहिक रूप से विरोध करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर से मांग की गई है कि आदिवासी बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्रावास को मुड़पार में ही स्थापित किया जाए। वहीं चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

बैठक में ग्राम पंचायत झिटकी की सरपंच कौशिल्या नूतन पटेल, जनपद सदस्य लता बाई कुम्हार, पूर्व सरपंच पूनऊ राम ध्रुव, बृजलाल ठाकुर,संतोष पटेल, तिलकराम सिन्हा, डी. कुमार चौरे, बलदाऊ निहाल, नंदकुमार ठाकुर, दरस ठाकुर, भीकम ठाकुर व जागेश्वर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। बैठक के दौरान एक तीर-एक कमान, आदिवासी एक समान, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी, आदिवासी आदिवासी जैसे नारे जमकर गूंजे।

 इस पर ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक दबाव में छात्रावास को मुड़पार से दूसरी जगह शिफ्ट करने की कोशिश हो रही है। जबकि इसकी स्वीकृति खास तौर पर मुड़पार के लिए ही हुई है। इसे कहीं और ले जाना आदिवासी बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ और उनके अधिकार पर सीधा डाका है।


अन्य पोस्ट