महासमुन्द
550 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 अगस्त। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम कर्मियों की अनिश्चिकालीन कल दूसरे दिन भी जारी रही। लोहिया चौक में सैकड़ों एनएचएम कर्मियों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संघ की विज्ञप्ति में हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का दावा किया गया है।
मालूम हो कि प्रदेश भर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 16 हजार से अधिक कर्मचारी विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। महासमुंद जिले में ही 550 से अधिक कर्मचारी सेवारत हैं। ये सभी वर्षों से नियमितीकरण संविलियन समेत पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, 27 प्रतिशत लंबित वेतन वृद्धि का आदेश जारी करने तथा मेडिकल अवकाश व अन्य स्वीकृत लाभों को लागू करने जैसी 10 सूत्रीय मांग कर रहे हैं। लोहिया चौक पर कल हड़ताली कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व मंत्रियों का मुखौटा लगाकर धरने पर बैठे थे। इस दौरान धरना स्थल पर सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने के लिये हवन पूजन किया गया।
धरने में शामिल होने रायपुर से पहुंचे कौशलेन्द्र तिवारी ने संबोधित करते हुये एनएचएम कर्मियों की 10 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्षों से हम नियमितीकरण व अन्य मांगे सरकार से करते आ रहे हैं। कई बार मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों से संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी मांगे उनकी समक्ष रखी। कुछ मांगों पर तो मंजूरी मिलने के बाद भी भी आदेश जारी नहीं किया गया। इस वजह से एनएचएम कर्मचारी आंदोलन के लिये मजबूर हुये हैं।
धरने को पूर्व अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, जिलाध्यक्ष रामगोपाल खुंटे, उत्तम श्रीवास, देवेन्द्र साहू आदि ने भी संबोधित किया। श्री खुंटे ने संबोधन में कहा कि जब तक संघ की मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि हड़ताल से जिला में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही। श्री खुंटे ने कहा कि जिला अस्पताल में नवजात शिशु वार्ड व पोषण आहार केन्द्रए वि भिन्न प्रकार की रक्त जांच, टू नॉट, सीबी नॉट, बलगम टेस्ट, नेत्र जांच आदि प्रभावित रही। रूटीन का टीकाकरण, स्कूल व आंगनबाड़ी स्वास्थ्य परीक्षण, मलेरिया व टीबी मरीजों को दवाएं नहीं मिल पाई। स्वास्थ्य विभाग की सभी ऑनलाइन एंट्री काम प्रभावित हुआ। धरने में प्रमुख रूप से डॉ.देवेंद्र साहू, उत्तम श्रीवास, ऐकेश्वर शुक्ला, अनसुमन चंद्राकर,गेवेन्द्र नौरंगे, सुरेन्द्र चंद्राकर, जयकांत विश्वकर्मा, परमेश्वर सेन, प्रवीण नागदेवे, दुधेश पटेल, पूर्णिमा चंद्राकर, घनश्याम पटेल, हिरेन्द्र कर, कमला तांडी, डा. वीरेंद्र प्रजापति, शिव कुमार साहू, पुष्पा महिलांग, सोमेन्द्र ठाकुर, कविता चंद्राकर, त्रिवेणी, मेघा ताम्रकार, विनय प्रधान, कोमल साहू, अंसुया कुर्रे, दुर्गा पटेल आदि शामिल हुए।