महासमुन्द

महासमुंद मेडिकल कॉलेज में बढ़ते कदम रायपुर से हुई 12 मृत देहों की व्यवस्था
19-Aug-2025 3:47 PM
महासमुंद मेडिकल कॉलेज में बढ़ते कदम रायपुर से हुई 12 मृत देहों की व्यवस्था

कृत्रिम बॉडी पर मेडिकल स्टूडेंट करते हैं प्रैक्टिकल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19अगस्त। महासमुंद मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को प्रेक्टिकल के लिए मृत देहों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कुशल डॉक्टर बनने के लिए शरीर रचना विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान का ज्ञान बेहद जरूरी है और इसके लिए कृत्रिम के बजाये असली मानव शरीर को बेहतर माना जाता है। तीन साल पुराने मेडिकल कॉलेज के शुरुआती दिनों में प्रैक्टिकल के लिए 2 मृत देह खरीदकर लाने पड़े थे।े अभी कुछ दिनों पूर्र्व कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी मशक्कत के बाद बढ़ते कदम रायपुर से 12 मृत देहों की व्यवस्था कराई थी।

गौरतलब है कि मेडिकल की पढ़ाई में प्रेक्टिकल के लिए इंसान के असली मृत देह की दरकार होती है। महासमुंद मेडिकल कॉलेज अपने शुरूआती दिनों से ही इस संकट का सामना करता आ रहा है। शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन को 2 इंसानी मृत देह खरीदकर लाने पड़े थे। इन्हीं मृत देहों से ही पहली, दूसरी बैच के छात्र-छात्राएं प्रेक्टिकल करते रहे। इसके अलावा कृत्रिम मानव देहों का इस्तेमाल भी प्रेक्टिकल के लिए यहां होता रहा है।

असली मानव देह की अनुपलब्धता के चलते कृत्रिम मानव देह से प्रेक्टिकल एक तरह से काम चलाऊ ही माना जा सकता है। लिहाजा, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने अब बड़ी मशक्कत के बाद बढ़ते कदम रायपुर से 12 मृत देहों की व्यवस्थाग गत दिनों कर ली है। वर्तमान में 12 मृत देहों को यहां बनाये गये शरीर टैंक सुरिक्षत रखा गया है। इधर बस्तर, रायगढ़ में तथा राजधानी के मेडिकल कॉलेजों में हमेशा मृत देह की कमी की खबर है। इस वक्त महासमुंद में 125 छात्र-छात्रायें मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। प्रदेश में कुल 10 शासकीय मेडिकल कॉलेज हैं।

इस वक्त रायपुर कालेज में 230, बिलासपुर 150, बस्तर 125, दुर्ग 200, रायगढ़ 100 राजनांदगांव 125, सरगुजा 125, कांकेर 125 तथा कोरबा 125 सीटें हैं। इस तरह प्रदेश के शासकीय कॉलेजों में कुल 1465 सीटें हैं। मेडिकल कालेज के प्रोफेसरों की मानें तो ऐसे प्रत्येक 10 विद्यार्थी के लिये 1 मृत देह प्रेक्टिकल के लिये चाहिये। ऐसे में कुल 147 में मृत देहों की आवश्यकता है। लेकिन अनेक मेडिकल कॉलेजों में महज 3 से 5 मृत देहों से ही छात्र.छात्रायें प्रेक्टिकल कर पाते हैं। भारत में फि र भी स्थिति ठीक है। क्योंकि प्रेक्टिकल के लिये शरीर मिल जाते हैं। कई देशों में 1 मृत देह का मिल पाना मुश्किल होता है। यही कारण है कि विदेशों में भारत के डॉक्टरों की डिमांड अधिक है।

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ.एआर वर्मा ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे शहरों में मानव शरीर पर्र्याप्त मिल जाते हैं। क्योंकि वहां के लोगों में जागरूकता अधिक है। लेकिन हमारे प्रदेश में जागरूकता की कमी है। जिला अस्पताल की बिल्डिंग में जगह की कमी है। ऐसे में यहां बनाये गये शव टैंक में महज 10.12 शवों को ही रखने की क्षमता है। नये भवन में शिफ्ट होने के बाद शव टैंक की क्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेज में सामान्य मृत्यु होने वाले शरीर का ही प्रेक्टिकल के तौर पर उपयोग किया जाता है। जबकि हादसे या फिर आत्महत्या आदि से हुई मृत्यु पर कानूनी अड़चनों की वजह से इन मृत देहों का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इधर एनएमसी की गाइडलाइन के अनुसार गंभीर बीमारियों से मृत व्यक्ति के शरीर को भी उपयोग के लायक नहीं समझा जाता।

बताया कि मेडिकल कॉलेजों को दान में मिले शरीर पर ही निर्भर रहना पड़ता है। जागरूकता की कमी से मृत देह दान में बेहद कम मिल पाते हैं। महासमुंद मेडिकल कॉलेज को 3 सालों में मात्र 2 मृत देह ही दान में मिल पाये हैं। इस वजह से यहां भी मेडिकल छात्र.छात्राओं को कृत्रिम मानव शरीर से प्रेक्टिकल करना पड़ता है।


अन्य पोस्ट