महासमुन्द

बीजेपी सरकार की प्राथमिकता मंत्रिमंडल विस्तार-अमरजीत
18-Aug-2025 4:11 PM
बीजेपी सरकार की प्राथमिकता मंत्रिमंडल विस्तार-अमरजीत

महासमुंद,18 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी महामंत्री महासमुंद के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरजीत चावला ने विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार की मंत्रिमंडल विस्तार की कवायद और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कहा है कि जब छत्तीसगढ़ चाकूबाजी, हत्याओं, ट्रिपल मर्डर, बम ब्लास्ट, गोलीकांड और नशे के कारोबार की आग में जल रहा है,तब सरकार का ध्यान अपराधों पर अंकुश लगाने के बजाय कुर्सी की सियासत में उलझा है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रशासनिक आतंकवाद, आरटीओ की लूट, महासमुंद में बढ़ता नशे धमतरी में ट्रिपल मर्डर, रायपुर में डिलीवरी बॉय की चाकूबाजी से हत्या, सूरजपुर में डबल मर्डर और आए दिन बम ब्लास्ट व गोलीकांड की खबरें छपती हैं।

अब छत्तीसगढ़ अपराध का अड्डा बन गया है। लेकिन भाजपा सरकार  को जनता की सुरक्षा से ज््यादा मंत्रिमंडल विस्तार का सियासी ड्रामा रास आ रहा है।

               उन्होंने कहा कि इतने दिन बीत जाने के बाद अब जाकर बीजेपी को मंत्रिमंडल विस्तार की याद आई। लेकिन सवाल ये है कि क्या ये नए चेहरे प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगा पाएंगे? या ये बस दिल्ली के आलाकमान को खुश करने और कुर्सी की खींचतान को शांत करने का खेल है। प्रदेश भर में पुलिस पेट्रोलिंग के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। अपराधी बेखौफ सडक़ों पर खंजर लहरा रहे हैं। बीजेपी सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह गलत हैं। मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ, शिक्षा की अच्छी सस्ती सुलभ सेवाओं की उपलब्धता करवाने की जगह उनकी चिंता इस बात पर ज्यादा है कि कैसे प्रदेश के बचे खुचे जंगल और खनिज संसाधन अदानी के हवाले किए जाये। पूरा छत्तीसगढ़ नशे की चपेट में है। अपराधी इसका फायदा उठाकर खुलेआम खून-खराबा कर रहे हैं। श्री चावला ने मांग की है कि बीजेपी सरकार तत्काल मंत्रिमंडल के दिखावे को छोडक़र कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाएं।


अन्य पोस्ट