महासमुन्द

आरटीओ भवन के लिए साल भर पहले मिले थे 3 करोड़, अब तक टेंडर नहीं
18-Aug-2025 4:07 PM
आरटीओ भवन के लिए साल भर पहले मिले थे 3 करोड़, अब तक टेंडर नहीं

एनएच-353 के समीप बेलसोंडा में मिली है 10 एकड़ जमीन

20 साल से सिंचाई विभाग के 6 जर्जर कमरों में चल रहा दफ्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18 अगस्त। आबंटन आने के एक साल बीत जाने के बावजूद जिला परिवहन कार्यालय महासमुंद का नया भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। डेढ़-दो साल पहले राजनीतिक और प्रशासनिक प्रयासों के बाद क्षेत्रवासियों की जरूरत को देखते हुए शासन ने इसके लिए करीब 10 एकड़ जमीन एनएच- 353 के समीप बेलसोंडा में एलाट कर दी थी। इतना ही नहीं साल भर पहले भवन निर्माण हेतु 2.90 करोड़ रुपए भी आबंटित कर दिये। लेकिन विकास की यह फाइल लोक निर्माण विभाग के पास धूल खाती पड़ी है।

आरटीओ के अधिकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखते-बोलते थक गये हैं। लेकिन हालत जस की तस है। जिससे कलेक्ट्रेट के ठीक सामने बिना बाउंड्रीवॉल बगैर तार घेरा के सीलन भरे जर्जर भवन में बीस साल से आरटीओ दफ्तर का संचालन जारी है।

 महासमुंद के जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव का कहना है कि 29 जुलाई 2024 को शासन से 2.90 करोड़ का आबंटन भवन निर्माण हेतु मिला था। लोक निर्माण विभाग को अवगत कराकर शीघ्र निविदा कराने के लिये अनुरोध किया गया था। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने उन्हें बताया है कि आगे की कार्रवाई के लिये प्रकरण एनआईटी को भेजा गया है। मालूम हो कि आरटीओ से हर साल शाासन को मिलने वाला राजस्व करोड़ों में है। छोटे-बड़े तथा भारी वाहनों के लाइसेंस, फिटनेस, टैक्स और वाहन पंजीयन संबंधित कार्यों के लिये लोग यहां पहुंचते हैं। शासन के लिये सालाना करोड़ों का राजस्व जुटाने वाला यह दफ्तर जिला निर्माण के 27 साल बाद भी जल -संसाधन विभाग से मिले 6 कमरों वाले जर्जर व सीलन भरे भवन में दिन काट रहा है। जल संसाधन विभाग से भवन मिलने के बाद 2005 में आरटीओ दफ्तर यहां अस्तित्व में आया था। उसके पहले सारे काम रायपुर से होते रहे।

 

अब तो हालात ऐसे हो गये हैं कि बार-बार मरम्मत करके इस भवन का उपयोग किया जा रहा है। पार्किंग स्पेस पर्याप्त नहीं होने के कारण दफ्तर के सामने तथा और आजू बाजू में वाहनों को खड़ा किया जाता है। बसें और ट्रकों जैसे बड़े भारी वाहनों को सडक़ किनारे खड़ा करने की विवशता होती है और वहीं पर फिटनेस जांच कर ली जाती है।

फि टनेस और पंजीयन, लाइसेंस बनाने के लिये आने वालों की बैठक व्यवस्था भी यहां नहीं है। आने जाने वाले लोगों को जैसे-तैसे सम्हाला जा रहा है। लिपिकों के कमरों को ही स्टोर रूम बना दिया गया है। हजारों फ ाइलें कॉरिडोर में रखी गई हैं। और तो और आगंतुक और स्टाफ  लिये संयुक्त प्रसाधन की व्यवस्था से काम चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि जिले में छोटे-बड़े सभी तरह के 3लाख 72 हजार 292 पंजीकृत वाहन हैं। इन वाहनों से टैक्स के रूप में तथा अन्य स्त्रोतों से आरटीओ को सालाना करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। इसमें वाहनों के चालान से प्राप्त राजस्व भी शामिल है। जिला आरटीओ से शासन को मिलने वाला राजस्व लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2024.25 में 84.55 करोड़ का लक्ष्य मिला था। जबकि 4.57 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 88.41 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाकर लक्ष्य से यह दफ्तर आगे निकला था। सामान्यत: मासिक कर,त्रैमासिक कर, लाइफ टाइम टैक्स तथा पंजीयन, लाइसेंस शुल्क और जुमार्ना आदि इसमें शामिल हैं।

लगभग 2 साल पहले जिला परिवहन अधिकारी राम कुमार ध्रुव ने भवन की मांग को लेकर प्रस्ताव विभाग को भेजा था। काफी प्रयासों के बाद बेलसोंडा में रेलवे फाटक के समीप मुढेना रोड़ पर करीब 10 एकड़ जमीन आरटीओ दफ्तर के लिये शासन ने आबंटित की।

 नये भवन का नक्शा और डिजाइन तैयार किया गया। साल भर पहले 29 जुलाई 2024 को शासन ने भवन निमाज़्ण हेतु 2.90 करोड़ की प्रशासकीय मंजूरी भी प्रदान कर दी। तत्काल बाद 31 जुलाई 2024 को आरटीओ कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी और निविदा की कार्रवाई यथाशीघ्र किये जाने का अनुरोध किया। लेकिन अनुरोध के साल भर बाद भी निविदा नहीं कराई जा सकी।


अन्य पोस्ट