महासमुन्द
जनपद अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण, विद्यार्थियों से की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 17 अगस्त। बागबाहरा में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर ने जनपद पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण का मुख्य कार्यक्रम जनपद पंचायत कार्यालय में हुआ, जिसके बाद अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने क्रमश: बीआरसी कार्यालय बागबाहरा, प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास एवं प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में ध्वजारोहण कर बच्चों और उपस्थित जनसमुदाय को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
बारिश की बूंदे भी नहीं रोक पाई स्वतंत्रता दिवस का उत्साह
बरसते पानी में भी स्वतंत्रता दिवस मनाये जाने के उत्साह में कोई कमी नहीं रही। जनपद अध्यक्ष ने स्वयं तिरंगे को सलामी दी और विद्यार्थियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय बातचीत करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया और सभी को मिठाइयां वितरित कीं।
आजादी का यह पर्व आत्म मंथन का अवसर-केशव नायक
जनपद अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर ने कहा -आज का दिन हम सबके लिए गर्व और आत्ममंथन का अवसर है। आजादी हमें अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और त्याग से मिली है। तिरंगा हमें हमेशा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की याद दिलाता है। हम सभी का कर्तव्य है कि इस स्वतंत्रता की रक्षा करें और अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बनाएं। शिक्षा ही वास्तविक आजादी का आधार है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे देश का भविष्य हैं और इन्हें अवसर प्रदान करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि जनपद पंचायत बागबाहरा ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और आगे भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जनपद पंचायत के सीईओ मनहरण लाल मंडावी, जनपद पंचायत बागबाहरासभापति भूमिका रामलाल सिन्हा,सभापति गरिमा केशव चंद्राकर, जनपद सदस्य बलराम ध्रुव, जनपद सदस्य भूपेन्द्र दीवान, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, पूर्व सरपंच रामजीलाल सिन्हा, रिंकू चेतन चंद्राकर, वरिष्ठ नेता गिरीश पटेल, जनक लाल पटेल, एवं जनपद पंचायत की अधिकारी कर्मचारी गण, सरपंच गण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन बागबाहरा में देशभक्ति, एकता और उल्लास का प्रतीक बनकर यादगार रहा।