महासमुन्द
गोड़बाहल वन प्रबंधन समिति का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 8 अगस्त। वन प्रबंधन समिति गोड़बाहल के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को स्थानीय वन अधिकारी के पुलिस बुलाने की धमकी के बाद एक बैठक लेकर समिति से त्यागपत्र दे दिया। वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष समिति के लंबित भुगतान के मामले में वन कार्यालय गए थे। दूसरी ओर परिक्षेत्र अधिकारी ने समिति द्वारा ऋण नहीं पटाने का आरोप लगाते हुए दुव्र्यवहार का खंडन किया है।
पूरा मामला इस तरह बताया जाता है कि वन प्रबंधन समिति गौड़बहाल के द्वारा अपने समिति के लंबित भुगतान के आहरण अनुमति विगत कई माह से नहीं मिलने के कारण गांव के सदस्यों में गहरी नाराजगी है। आरोप है कि ग्राम में बैठक लेकर निर्णय पश्चात ज्ञापन देने हेतु वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयराम वर्मा एवं आत्माराम सेन को अधिकृत कर भेजा गया था। जिस पर वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा अभद्र व्यवहार करते हुए थाना प्रभारी को बुलाता हूं। बोला गया एवं अपने अधीनस्थ अमला को आवेदन लेने से मना कर दिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारी का बर्ताव हमारे अधिकार का हनन है और हम ग्रामवासी बहुत आहत हैं। हमारे समिति का गठन 1995-96 में हुआ था तब से हमारे समिति में अतिक्रमण नहीं होने देने एवं जंगल में आग से बचाने, जंगल की सुरक्षा के संबंध में कई बार राज्य स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हो चुका है किन्तु वर्तमान अधिकारी कर्मचारी द्वारा समिति के सदस्यों को हतोत्साहित किया जा रहा है जिससे व्यथित होकर सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया गया है। अत: सील सिक्का एवं रजिस्टर सौंपकर सामूहिक इस्तीफा दिया जा रहा है। जिसके बाद जंगल के अवैध कटाई व अतिक्रमण आदि की सुरक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी वन विभाग की होगी ।
रीपा की सफलता देखने स्वयं राज्यपाल आये थे
उक्त वन प्रबंधन समिति के तहत वनों एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा शत-प्रतिशत की गई। इसके अलावा समिति के कार्यभार संभालने के बाद से वन भूमि में एक इंच भी अतिक्रमण नहीं होने दिया गया। शासन द्वारा स्वरोजगार हेतु यहां रीपा योजना लागू की गई थी। जिसे देखने महामहिम राज्यपाल भी आये थे। उन्होंने भी यहां के कार्यों की प्रशंसा की थी।
प्रतिमाह एक लाख कि़स्त के रूप में ऋण चुकाते हैं—पटेल
समिति के जिम्मेदार सदस्य सादराम पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि उनकी समिति लगातार ऋण की कि़स्त जमा कर रही है। कल उनकी समिति अध्यक्ष समिति के लंबित भुगतान निराकरण के लिए गए थे।
पुराना ऋण जमा नहीं, नए ऋण का प्रस्ताव डीएफओ के पास
उक्त मामले में प्रभारी रेंजर एस आर डड़सेना ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वन प्रबंधन समिति गोडबहाल को चक्रिय निधि से ऋण प्रदाय 1 करोड़ 35 लाख आय मूलक कार्य दुग्ध डेयरी हेतु 2017-18 एवं 2018-19 में स्वीकृत किया गया था जिसका मूल धन एवं ब्याज 5 वर्ष में जमा करना था । 07 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी प्रदायित ऋण जमा नही हुआ है । समिति अध्यक्ष जय राम वर्मा एवं अन्य के नाम पर 15 लाख रु फ्लाई एक्स ब्रिक्स का ऋण प्रदाय किया गया।
ऋण का किस्त जमा नहीं होने के कारण चार लाख रुपये ऋण का आवेदन वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत के कार्यकाल से लंबित रहा है । वर्तमान में नये ऋृण के लिए प्रकिया का पालन करने निर्देश दिया गया था । बदसलूकी का आरोप बेबुनियाद है ।