महासमुन्द

गाज से किसान दंपति की मौत, 3 महिलाएं जख्मी, 2 को रायपुर भेजा
07-Aug-2025 10:09 PM
गाज से किसान दंपति की मौत, 3 महिलाएं जख्मी, 2 को रायपुर भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा,  7 अगस्त। बुधवार शाम को नगर से मात्र 4 किलोमीटर दूर मुढ़ीपार में आकाशीय बिजली गिरने से किसान पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास में काम कर रही 3 महिला झुलस गईं, जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल 2 को रायपुर भेजा गया है, वहीं एक को छुट्टी दे दी गई है।

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम को भारी उमस के बीच अचानक गरज-चमक के साथ बादल आये और मुढ़ीपार के समीप अपने खेत में काम कर रहे किसान राधेश्याम दीवान(38) एवं उसकी पत्नी रत्ना बाई(36) के ऊपर गाज गिरी। जिससे उक्त दम्पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समीप के खेत में काम कर रही उमेश्वरी दीवान पति सेवक दीवान एवं ओमेश्वरी दीवान पति राम मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। एक अन्य महिला भी इस घटना में घायल हुई है।  बहरहाल, तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल 2 को रायपुर भेजा गया है, वहीं एक महिला का उपचार कर छुट्टी दे दी गई है।


अन्य पोस्ट