महासमुन्द
महासमुंद, 7 अगस्त। सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने प्राणघातक हमले के अपराधी महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम भलेसर निवासी 21 वर्षीय भूपेंद्र ओगरे को धारा 307 के तहत 7 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 2 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड नहीं पटाने पर 3 माह का साधारण कारावास पृथक से भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार महासमुंद थाना में बीरेंद्र भारद्वाज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 जनवरी 21 को छेरछेरा पर्व होने के कारण अपने मितान अमित कोसले और लखन ग्राम गुल्लू निवासी के साथ फिंगेश्वर दर्रीपार अमित कोसले के घर गए थे। वापसी में अमित कोसले बोला कि तुम्हारे साला भूपेंद्र ओगरे के पास से मुर्गा लेकर घर जाएंगे। वहां भूपेंद्र से मुर्गा काटकर दो, बोलकर पैसा दे दिए। लेकिन काफी देर तक मुर्गा काटकर नहीं दिया। इस पर भूपेंद्र कोसले को जल्दी देने के लिए अमित चिल्लाने लगा। इससे नाराज होकर भूपेंद्र गाली-गलौच करने लगा। मना करने पर गुस्से में आकर भूपेंद्र ने मुर्गा काटने के चापड़ से हत्या करने की नीयत से अमित कोसले के बाएं गर्दन पर प्राणघातक वार कर दिया। जिसे इलाज हेतु जिला अस्पताल लाया गया। अभियोजन की ओर से लोक अभियोजक संजय गिरी ने पैरवी की।