महासमुन्द

संत यति यतनलाल की 49वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम
05-Aug-2025 4:33 PM
संत यति यतनलाल की 49वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 अगस्त। स्वतंत्रता सेनानी संत यति यतनलाल की 49वीं पुण्यतिथि 4 अगस्त को स्थानीय जैन समाज ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर मनाया। वल्लभ भवन जैन मंदिर में उनकी प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। पश्चात जैन श्री संघ के वरिष्ठ सदस्य शरद मालू एवं पारस चोपड़ा ने उनका जीवन परिचय दिया। तत्पश्चात अशोक बरडिया, याशिका चोपड़ा, लाव्या चोपड़ा, हेमंत झाबक, देवराज लुनिया एवं ललिता बरडिय़ा ने गीत एवं शब्दों के माध्यम से यति यतनलाल के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित की।                   अंत में विवेकसागर ने यति यतनलाल के बारे में कहा कि उनके जीवन के बारे में सिर्फ़ जानना ही नहीं अपितु जीना भी होगा और यही वास्तविक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सारा जीवन न्यौछावर कर दिया। महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जी से उनका घनिष्ठ संबंध था।  पारस चोपड़ा ने बताया कि देश के आज़ाद होने के बाद यति को कांग्रेस सरकार ने सांसद की टिकट का प्रस्ताव दिया था। जिसे उन्होंने यह कहकर ठुकरा दिया था कि देश आज़ाद हो चुका है मेरा काम हो गया है। अब मैं सिर्फ जनसेवा का कार्य करूंगा। साल 1960 के दशक में यति ने रायपुर को छोडक़र महासमुंद को अपनी कर्मभूमि बना लिया और यहां विवेक वर्धन सेवा आश्रम की स्थापना की। यति का निर्वाण 4 अगस्त 1976 को मुंबई के हॉस्पिटल में हुआ। श्री चोपड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री श्यामाचरण जब उनकी समाधि में आये थे तो उनका वक्तव्य था कि यहां आकर ऐसा लगता है जैसे किसी तीर्थ का दर्शन हो गया। छत्तीसगढ़ सरकार यति यतनलाल के नाम से अहिंसा पुरस्कार भी प्रत्येक वर्ष प्रदान करती है। पूज्य यति  द्वारा आश्रम परिसर में दमा की दवा दी जाती थी,जो आज भी अनवरत शरद पूर्णिमा के दिन आश्रम में प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर जतन सेवा संस्थान द्वारा दिव्यांगों को कृत्रिम पैर प्रदान किया गया। हितग्राहियों को पूज्य विवेकसागर ने मांसाहार और शराब त्याग करने का शपथ दिया। शाश्वत सेवा ग्रुप द्वारा यति यतनलाल की जीवनी पर आधारित पुस्तक का पूज्य विवेकसागर मसा की निश्रा में वरिष्ठजनों के हाथों विमोचन कराया गया। विवेक वर्धन सेवा आश्रम ट्रस्ट द्वारा हर्बल चिकित्सा शिविर का आयोजन मेघ भवन में किया गया जिसमें रायपुर से पधारे नाड़ी वैद्य पारस चोपड़ा ने अपनी सेवायें दी। आश्रम ट्रस्ट द्वारा शाम को यति की समाधि के समक्ष भक्ति आयोजित की,जिसने सभी में संगीत के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उक्त जानकारी जैन संघ के सचिव सीए रितेश गोलछा एवं ललिता बरडि़य़ा ने संयुक्त रूप से दी है।


अन्य पोस्ट