महासमुन्द
मरीजों के परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने मिलकर बुझाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अगस्त। महासमुंद जिला अस्पताल के जनरल मेडिसिन मेल वार्ड में सोमवार को चिंगारी निकलने के बाद धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। धुआं भरा तो जनरल मेडिसिन मेल वार्ड में भर्ती मरीजों का बेड हटाकर आनन-फानन में दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। इसी बीच एक मरीज के बेड के ठीक ऊपर दीवार पर लगा पंखा आग से पिघलकर जमीन पर आ गिरा। स्थिति यह थी कि वार्ड में भर्ती 32 मरीजों, परिजनों और मौजूद स्टाफ को करीब 15 मिनट तक दहशत में रहना पड़ा।
आगजनी की इस घटना से जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के जिस जनरल मेडिसिन मेल वार्ड में यह हादसा हुआ, वहां अलग-अलग रोग से पीडि़त 32 मरीज भर्ती हैं। वहीं वार्ड की दशा ये है कि दीवारों पर सीपेज है।
मरीजों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दीवार पर लगे एक पंखे से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते वार्ड में धुआं भर गया। बेड लोहे का है और दीवारों में सीपेज है। इसलिए करंट फैलने के संभावित खतरे को भांपकर अस्पताल स्टॉफ ने बेड और मरीजों को वहां से हटाकर अलग जगह शिफ्ट किया। साथ ही आग बुझाने का प्रयास किया गया।
करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। मरीजों ने बताया कि समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ी घटना टल गई। गनीमत रही कि दीवारों में करंट नहीं फैला। अन्यथा गंभीर हादसा भी हो सकता था।
सूत्रों के मुताबिक जब शार्ट सर्किट हुआ तो मेल वार्ड के पास लगा फ ायर एक्सटिंग्युशर काम नहीं आया। आग बुझाने के लिए लगाया गया यह फायर एक्सटिंग्विशर एक्सपायर मिला। लिहाजा दूसरे वार्ड से फायर एक्सटिंग्विशर लाकर आग बुझाई गई। मेल वार्ड में भर्ती लाफिनकला गांव निवासी यादुराम 56 साल ने बताया कि वह पेट में गांठ का इलाज कराने के लिए भर्ती हैं। शार्ट सर्किट होने से पंखा पिघलकर वहीं गिरा, जहां उनका बेड था। हालांकि पंखा गिरने से कुछ ही मिनट पहले बेड हटाके संभावित खतरे को भांपकर अस्पताल स्टॉफ और भर्ती मरीजों के परिजनों ने मिलकर सबसे पहले बेड को हटाया था।