महासमुन्द

टिटिलागढ़ स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली 175 बच्चे बीमार, अभी हालत सामान्य
04-Aug-2025 3:58 PM
टिटिलागढ़ स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली 175 बच्चे बीमार, अभी हालत सामान्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 अगस्त। ओडिशा के टिटिलागढ़ के एक स्कूल के मध्याह्न भोजन में छिपकली निकलने के बाद हडक़ंप मच गया। विषाक्त भोजन करने से 175 विद्यार्थी बीमार पड़ गए। हालांकि सभी की हालत समाचार लिखते तक सामान्य है। घटना शनिवार की बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक ओडिशा के टिटिलागढ़ शहर के पास मुरीबहाल ब्लॉक के अंतर्गत तेंतुलिखूंटी गांव में यह घटना हुई है। यहां के सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को स्कूल में पहली से 7वीं कक्षा के बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा गया। इसमें से एक छात्र की थाली में छिपकली निकली। भोजन के दौरान एक के बाद एक विद्यार्थी बीमार पडऩे लगे।

बीमार हुए बच्चों को फ ौरन टिटिलागढ़ शहर के एमसीएच अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया कि एक छात्र की थाली में छिपकली निकलने के बाद और किसी को मध्याह्न भोजन नहीं दिया गया। लेकिन इससे पहले ही 175 बच्चे मध्याह्न भोजन खा चुके थे। भोजन करते हुए ही इन बच्चों को सिरदर्द, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बीमार बच्चों को 15 एंबुलेंस से अस्पताल लाए जाने के बाद एमसीएच परिसर में स्कूली बच्चों की लंबी कतार लग गई।

इस बारे में चर्चा है कि रसोइयों ने दोपहर का भोजन तो बनाया, लेकिन बाद में रसोई में कोई मौजूद नहीं था। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल की प्रिंसिपल और खाना बनाने वाली टीम की लापरवाही के कारण ये घटना हुई है। एसडीएम और डॉ.प्रदीप कुमार नायक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बलांगीर जिला शिक्षा अधिकारी ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं।  िखबर मिलने के बाद कांटाबांंजी के विधायक लक्ष्मण बाग ने अस्पताल का दौरा किया। बच्चों का हालचाल जाना और इलाज करा रहे बच्चों से बात की। विधायक ने कहा कि घटना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ  आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल प्रशासन ने कहा कि वे पहले खुद मध्याह्न भोजन खाएंगे और फिर इसे छात्रों को परोसेंगे। बताया गया किए सभी बच्चों का स्वास्थ्य अब सामान्य है।


अन्य पोस्ट