महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4अगस्त। वर्ष 2019 में मोहगांव स्कूल में अन्जय कश्यप पर आरोप लगे थे कि वो स्कूली बच्चों को मारता पीटता है। केके ठाकुर तात्कालीन बीईओ पिथौरा ने मामले की जांच की, बच्चों का बयान दर्ज किया। आरोपित शिक्षक का बयान भी दर्ज किया। स्कूली बच्चों को मारने पीटने की शिकायत सही मिली। इसके बाद 28 दिसम्बर 2019 को बीईओ पिथौरा ने डीईओ महासमुन्द समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें स्पष्ट लिखा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के द्वारा शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं को शारीरिक दण्ड देना अपराध की श्रेणी में आता है। तात्कालीन डीईओ बीएल कुर्रे ने 23 जनवरी 2020 को अन्जय कश्यप शिक्षक एलबी को दण्डस्वरूप 02 वार्षिक वेतनवृद्वि संचयी प्रभाव से रोकने का आदेश दिया। लेकिन दरियादिली दिखाते हुए उसी आदेश को 19 फरवरी 2020 को संशोधित कर दिया कि अब 01 वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी जाये। गौरतलब है कि अन्जय कश्यप ने 7 फरवरी के आवेदन को 14 फरवरी को डीईओ कार्यालय में प्रस्तुत किया।
पत्र में लिखा कि जांच के दौरान बीईओ पिथौरा ने उसे उपस्थिति हेतु नहीं बुलाया था, जांच में पूछा तक नहीं है। जबकि आरटीआई में मिली दस्तावेज में ठीक विपरीत है। अन्जय कश्यप ने 3 अक्टूबर 2019 को बकायदा बीईओ पिथौरा को इस मामले में अपना लिखित बयान दिया है। जिनकी पिटाई हुई उनमें एक बच्चे को बुखार था, दूसरी बच्ची को इस्नोफीलिया थी।
आरोप है कि डीईओ ने इस प्रकरण की फाइल की विधिवत जांच करना जरूरी नहीं समक्षा। बल्कि अपने ही पूर्व आदेश को नियमों के विरूद्ध संशोधित कर शिक्षक की सजा को मनमाने ढंग से कम कर दिया है।