महासमुन्द

पंचायत रजिस्टर को लेकर सरपंच-सचिव में खींचतान
04-Aug-2025 2:37 PM
पंचायत रजिस्टर को लेकर  सरपंच-सचिव में खींचतान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,4अगस्त। सरायपाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत प्रेतेनडीह में सरपंच एवं सचिव के मध्य प्रस्ताव रजिस्टर को लेकर खींचतान देखी जा रही है। सचिव ने जहां सरपंच पर जबरन रजिस्टर छीनकर अपने पास रखने का आरोप लगाया है, वहीं सरपंच ने इसे उनकी छवि को धूमिल करने के लिए निराधार आरोप लगाये जाने की बात कही है। बहरहाल,  सचिव ने मामले की लिखित शिकायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सरायपाली से कर दी है। ग्राम पंचायत प्रेतेनडीह के सचिव मुक्ता भोई ने जनपद सीईओ को लिखे पत्र में उल्लेख किया है कि 30 जुलाई को पंचायत बैठक रखी गई एवं उनके द्वारा प्रस्ताव रजिस्टर में लिखा गया। प्रस्ताव पास हुआ कॉलम में लिखना शेष था। इसी बीच सरपंच दीपक ओगरे ने सूचना एवं प्रस्ताव रजिस्टर को छीन कर रख लिया।  बताया है कि इसके बाद संजय मिश्रा नामक व्यक्ति ने सूचना के रजिस्टर का पीडीएफ बनाकर भेजने एवं कॉपी निकालने की बात कही। साथ ही सरपंच ने सीईओ की अनुमति से रजिस्टर अपने पास रखने एवं रजिस्ट लेने के लिए सचिव को सीईओ से आदेश लाने के बाद रजिस्टर ले जाने कहा।  सीईओ को पत्र लिखकर सचिव ने शिकायत करते हुए सूचना के अधिकार के तहत लगी जानकारी प्रदान करने हेतु जनपद सीईओ से मार्गदर्शन मांगा है। इस संबंध में सरपंच दीपक ओगरे से पूछे जाने पर उन्होंने सचिव के द्वारा लगाये गए आरोपों को निराधार बताते हुए इसे उनकी छवि को धूमिल करने के लिए की गई एक साजिश कहा। जबकि जनपद सीईओ अमित हालदार ने कहा कि शासकीय कार्य हेतु प्रयुक्त रजिस्टर पंचायत अथवा कार्यालय की संपत्ति होती है। उसे घर पर ले जाना अनुचित है। इस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट