महासमुन्द

सरपंच पर रजिस्टर छीनने का आरोप, जनपद सीईओ से शिकायत
03-Aug-2025 3:12 PM
सरपंच पर रजिस्टर छीनने का  आरोप, जनपद सीईओ से शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अगस्त। सरायपाली के ग्राम पंचायत प्रेतेनडीह क ी सचिव मुक्ता भोई ने सरपंच दीपक ओगरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पंचायत के सूचना और प्रस्ताव रजिस्टर को छीनकर रखने की शिकायत जनपद पंचायत सरायपाली के सीईओ से की है।

सचिव मुक्ता भोई ने अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि 30 जुलाई को प्रेतेनडीह ग्राम पंचायत में एक बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान प्रस्ताव रजिस्टर में सचिव द्वारा प्रस्ताव लिखा गया और पास किया गया। लेकिन रजिस्टर के कॉलम में कुछ लिखना शेष था। आरोप है कि सरपंच दीपक ओगरे ने रजिस्टर को जबरन छीन लिया और अपने पास रख लिया।

          मुक्ता भोई ने आगे बताया कि एक व्यक्ति संजय ने सूचना का अधिकार के तहत पंचायत से जानकारी मांगी थी। इसके लिए रजिस्टर की आवश्यकता थी। लेकिन सरपंच ने रजिस्टर देने से इंकार कर दिया।

सरपंच ने कथित तौर पर व्हाट्सएप के माध्यम से कहा कि रजिस्टर का पीडीएफ  या मैसेज के जरिए कॉपी निकाल लें और मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेश के बाद ही रजिस्टर दिया जाएगा।  वहीं सचिव ने दावा किया कि कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी प्रदान करने के लिए रजिस्टर जरूरी है। लेकिन सरपंच के असहयोग के कारण कार्यवाही में बाधा आ रही है। उन्होंने सीईओ से उचित मार्गदर्शन और कार्रवाई की मांग की है। सरपंच दीपक ओगरे ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सचिव द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। उन्होंने दावा किया कि यह उनकी छवि को खराब करने की साजिश है।  सरपंच का कहना है कि सचिव के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। इस पूरे मामले में जनपद पंचायत सरायपाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित हालदार ने कहा कि रजिस्टर को कार्यालय में ही रखना है। उसको घर लेकर नहीं जाना है। घर ले गए हैं तो गलत है।

 


अन्य पोस्ट