महासमुन्द

महासमुंद का जर्जर रैन बसेरा, रोजाना शाम होते ही शराबियों-जुआरियों का जमावड़ा
03-Aug-2025 2:56 PM
महासमुंद का जर्जर रैन बसेरा, रोजाना शाम  होते ही शराबियों-जुआरियों का जमावड़ा

9 साल में लोकार्पण नहीं हुआ, अब कबाड़ में तब्दील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अगस्त। महासमुंद जिले के सुदूर क्षेत्रों से आकर व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने वाले दिव्यांगों जनों के आवास की समस्या दूर करने के उद्देश्य से गुड़रू पारा प्राथमिक शाला परिसर में बनाया गया दिव्यांग रैन बसेरा अब किसी भूत बंगले से कम नहीं है। आदिमजाति कल्याण विभाग तथा आरईएस विभाग की लापरवाही की वजह से यह भवन अब बूरी तरह जर्जर हो गया है। भवन में लगे ग्लास, दरवाजे खिड़कियोंं को असामाजिक तत्व पार कर चुके हैं। भीतर तथा बाहर झाडिय़ां उग आई हैं। यहां सांप, बिछुओं, चमगादड़ का बसेरा है। इस भवन के निर्माण के बाद से जिम्मेदार अधिकारी इसकी सुध लेने ही नहीं आए। यह भवन उद्घाटन से पूर्व ही जर्जर व पुराना हो चुका। कुल 8.40 लाख की लागत से निर्मित भवन में सिर्फ शराबियों की महाफिलें सजती हैं। मिली जानकारी के मुताबिक तत्कालीन कलेक्टर उमेश अग्रवाल की सोच दिव्यांगों के प्रति बेहद संवेदनशील थी। उस वक्त जब स्कूलों का संविलियन हुआ तो गुड़रूपारा कन्या शाला का भवन के अनुपयोगी हो गया। खाली पड़े उस भवन को देखकर कलेक्ॉटर उमेश अग्रवाल ने उसे दिव्यांग रैन बसेरा बनाने का निर्देश दिया। जिस पर आरईएस ने काम किया। 8.40 लाख रुपए की स्वीकृति के बाद इस पर काम शुरू हुआ और टूटे-फूटे भवन की मरम्मत कर दिव्यांगों के अनुरूप बनाया गया। कहा गया कि अब इस भवन का उपयोग जिले के

 

दूरस्थ क्षेत्र से आकर प्रोफेशनल कोर्स की ट्रेनिंग ले रहे दिव्यांग नि:शुल्क कर सकेंगे।

श्री अग्रवाल ने दिव्यांगों की मदद व शासकीय योजनाओं के लाभ के लिए प्रत्येक जनपद में हेल्प डेस्क भी खुलवाया लेकिन कलेक्टर के बदलते ही डेस्क पर काम कमजोर पड़ गया। दिव्यांग रैन बसेरा के संचालन में भी तत्परता नहीं बरती गयी और यह भवन कबाड़ में बदल गया।  विचित्र बात यह है कि अब तक इसे दिव्यांगों के उपयोग के लिए खोला ही नहीं गया। लापरवाही की हद कहिए कि निर्माण एजेंसी ने मूत्रालय तथा शौचालय के नाम पर केवल दीवारें खड़ी कर दी, इसमें ना टायलेट शीट लगाया, ना ही मूत्रालय में यूरिनल बेसिन ही लगाया।

इस भवन में लगे ग्रील, ताले सभी में जंग लग चुके हैं। इस भवन में 5 कमरें हैं। प्रत्येक कमरें में चार से पांच बेड लगाया जा सकता है। इसके अलावा यहां दो बाथरूम व दो शौचालय तथा एक कॉमन बाथरूम बनाया गया है। सभी बाथरूम और शौचालय दिव्यांगों की सुविधा को ध्यान रखते हुए बनाया गया है। भवन तक पहुंचने के लिए रैंप व रेलिंग बनाई गई है। भवन का विद्युतीकरण,रंगरोगन भी किया गया। लेकिन पानी की उपलब्धता के लिए बोर नहीं किया गया। जिसकी वजह से समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगों को प्रवेश देना प्रारंभ नहीं किया।कलेक्टर उमेश अग्रवाल के तबादले के बाद अनेक कलेक्टरों से भी इसे शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। लेकिन कभी किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब तो इस परिसर में रोजाना सूर्य ढलने के साथ ही शराबियों और जुआरियों की महफिलें सजती है।

 स्थिति यह है की भवन के भीतर तथा बाहर शराब की खाली, टूटी फूटी बोतलें, नमकीन, तथा पानी पाउच बिखरे पड़े रहते हैं।


अन्य पोस्ट