महासमुन्द
14 परीक्षा केन्द्रों में साढ़े 4 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
महासमुंद, 2 अगस्त। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा उच्च शिक्षा संचालनालय के अंतर्गत प्रयोगशाला परिचारक के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 3 अगस्त को प्रात: 11:00 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक किया जाएगा। जिले में 14 परीक्षा केन्द्र निर्धारित की गई है, जिसमें 4339 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। व्यापम द्वारा परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र व्यापम की वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैंए जिसे अभ्यर्थी स्वयं डाउनलोड कर सकते हैं।
व्यापम द्वारा परीक्षा हेतु जारी दिशा.निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व, अर्थात् सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केन्द्र में अनिवार्यत: उपस्थित होना होगा। सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा दिवस के एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केन्द्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी ले लें। जिससे समय पर पहुंचने में कोई असुविधा न हो।
परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के लिए अनिवार्य दस्तावेजो में फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पेन कार्ड, विद्यालय,कॉलेज का फोटोयुक्त परिचय पत्र या फोटोयुक्त अंकसूची मूल प्रति लाना अनिवार्य है। साथ ही परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना है। जूते वर्जित, केवल चप्पल या सैंडल पहनकर आना होगा। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित हैं। परीक्षा के पहले आधे घंटे और अंतिम आधे घंटे में परीक्षा केन्द्र से बाहर जाना पूर्णत: वर्जित रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या होने पर परीक्षार्थी व्यापम के हेल्पलाइन नंबर 0771.2972780 एवं मोबाइल नंबर 82698.01982 पर प्रात: 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।