महासमुन्द

181 दिनों में 13 हजार किमी सायकल यात्रा कर वापस लौटा ओमप्रकाश
02-Aug-2025 4:19 PM
181 दिनों में 13 हजार किमी सायकल यात्रा कर वापस लौटा ओमप्रकाश

 बागेश्वर धाम, चित्रकोट, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या दर्शन किए 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 अगस्त। महासमुंद जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम नादगांव का युवा ओमप्रकाश पटेल सायकल से 13 हजार किलोमीटर की यात्रा कर वापस लौट चुुका है। उसने इस दौरान 51 प्रमुख मंदिरों, शक्ति पीठों तथा ज्योतिर्लिंगों की यात्रा पूर्ण की है। एक फरवरी 2025 को सिरपुर से ओमप्रकाश ने अपनी सायकल से तीर्थ यात्रा शुरू की थी। कुल 181 दिन की यात्रा पूर्ण कर कल जब ओमप्रकाश महासमुंद लौटा तो जगह-जगह उनके परिजन, समाजजन तथा जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। महज 35 वर्ष की आयु में 51 से अधिक देवालयों की यात्रा करने वाले ओमप्रकाश संभवत: महासमुंद जिले के प्रथम युवा हैं।

एक औपचारिक चर्चा में ओमप्रकाश ने बताया कि यात्रा के दौरान शुरुआत में उन्होंने 128 किलोमीटर प्रतिदिन सायकल चलाकर यात्रा की। इसके बाद प्रतिदिन 95 किलोमीटर सायकल चलाने के बाद पेट्रोल पंप, धर्मशाला मंदिर, धर्मशाला तथा गुरूद्वारे में विश्राम कर लिया करता था।

ओमप्रकाश पटेल बताते हैं कि उनकी तबीयत आये दिन खराब रहती थी। लेकिन बीते साल नवरात्र में तबीयत में 95 फीसदी आराम मिला। तो ठान लिया कि भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की सायकल से यात्रा करेंगे। जानकारी मिली है कि ओमप्रकाश पिछले 17 सालों से  नवरात्र के दौरान उपवास रखते हैं और हर नवरात्रि में पूरे दिन अपने पैरों में चप्पल नहीं पहनते। इस यात्रा से पूर्व उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों में से चार धाम बद्रीनाथ, रामेश्वरम, द्वारिका धाम,जगन्नाथ पूरी की यात्रा ट्रेन से की थी। लेकिन संतुष्ट नहीं थे। अत: एक फरवरी 2025 को साइकिल से धर्म स्थलों की यात्रा पूरी करने की योजना बनाई।  यात्रा शुरू कर तुरतुरिया, गिरौधपुरी, बिलासपुर के रतनपुर महामाया का दर्शन कर मध्यप्रदेश बागेश्वर धाम, चित्रकोट, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, वृंदावन, आगरा, दिल्ली, प्रवेश किया। वहां से अमरकंट, मैहर, हरियाणा, पंजाब अमृतसर स्वर्ण मंदिर, जम्मू कटरा वैष्णों देवी के दर्शन किए। हिमाचल के शक्तिपीठ नैना देवी, चामुंडा देवी, ज्वाला देवी, चिंतपूर्णी, कांगणा देवी का दर्शन किया। वहां से उत्तराखंड प्रवेश कर केदार नाथ बद्रीनाथ, तुंगनाथ शिव मंदिर, मानागांव पांडव स्वर्ग लोक गमन, 18 वेदों की उत्पत्ति स्थल, सरस्वती माता उद्गम स्थल वसुधारा का दर्शन किया। पश्चात वहां से वापस हरिद्वार,अयोध्या, गोरखनाथ,पशुपति नाथ नेपाल, जनकपुर जानकी मंदिर, राम जानकी विवाह मंडप स्थल दर्शन कर वापस बिहार होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम झारखंड, राची होते हुए अंबिकापुर की ओर से आया। जहां चंद्रहासिनी दर्शन कर शिवरीनारायण होते हुए वापस सिरपुर आया। मजदूर परिवार में जन्में ओमप्रकाश ने 12वीं तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने संगीत की शिक्षा ली। वे हारमोनियम बजाते हैं तथा केवल आध्यात्मिक भजन गाते हैं।  विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के कार्यालय पहुंचकर उन्होंने मुलाकात की तो विधायक श्री सिन्हा ने उनका शॉल भेंट कर सम्मान किया।

 साथ ही उनके इस जज्बे और आस्था की प्रशंसा भी की। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर,मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, मंडल महामंत्री अग्रज शर्मा,पवन पटेल, मुन्ना साहू, संदीप घोष, राजू साहू, अभिषेक पांडे, गुड्डा सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थें। ओमप्रकाश पटेल का नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने पालिका कार्यालय में आत्मीय स्वागत किया।

यात्रा पूर्ण कर साइकिल से ओमप्रकाश नपाध्यक्ष श्री साहू से भेंट करने पालिका कार्यालय पहुंचे थे। इस अवसर पर सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, सभापति ईश्वरी संजय भोई, सभापति गुलशन साहू, पार्षद नीरज चंद्राकर, पूर्व पार्षद कपिल साहू आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट