महासमुन्द
महासमुंद,1अगस्त। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश झाबक ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि रद्द ट्रेनों के कारण आम यात्रियों को परेशानी हो रही हैं। बिलासपुर और रायपुर जोन में पिछले 3 माह से ट्रेनें रद्द की जा रही हैं। अब जबकि रक्षाबंधन और 15 अगस्त का त्यौहार आने वाला है, तो पैसेंजर ट्रेनें रद्द करना वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है। रायपुर वाल्टयर लाइन में भी 4 पैसेंजर ट्रेनों को 6 से 15 अगस्त तक रद्द कर दिया गया है। यह रेलवे का गैरजिम्मेदाराना निर्णय है। मालगाड़ी को पहले रवाना करने यात्री ट्रेनों को कभी विलम्ब से चलाई जाती है, धूप, बरसात, ठण्ड में यात्री ट्रेनों को घंटों किसी भी आउटर में रोक दिया जाता है।
रिक्त सीटों पर प्रवेश 14 तक
महासमुंद,1अगस्त। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालयए रायपुर के अधिसूचना के अनुसार सत्र 2025-26 स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि कुलपति के अनुमति से 14 अगस्त तक वृद्धि की गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य शेष रिक्त सीटों पर ऐसे छात्र जिन्होंने पूर्व में ऑनलाईन आवेदन नहीं किया उन्हें महाविद्यालय ऑफलाईन प्रवेश देंगे। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य करुणा दुबे के मार्गदर्शन में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
प्रवेश प्रभारी डॉ. रीता पांडेय ने जानकारी दी है कि महाविद्यालय में सत्र 2025-26 में उच्च शिक्षा विभाग के प्रवेश मार्गदर्शिका अनुसार प्रवेश प्रक्रिया जारी है। 31जुलाई तक महाविद्यालय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर कुल 2040 सीटों के विरुद्ध लगभग 1386 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। शेष रिक्त सीट 654 है। प्रवेश मार्गदर्शिका सिद्धांत में उल्लेखित नियमों के अनुसार आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए गुणानुक्रम के आधार महाविद्यालय में प्रवेश हेतु उपस्थित विद्यार्थियों के मध्य रिक्त सीटों के विरुद्ध प्रवेश प्रदान किया गया। स्थानांतरण प्रकरण को छोडक़र 31 जुलाई तक प्राचार्य स्वयं तथा 14 अगस्त तक कुलपति की अनुमति से शेष रिक्त सीटों में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। शासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया की जाएगी।