महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अगस्त। खाद्य विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल और ढाबों से 22 घरेलू सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके अलावा मरौद सिरपुर की गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर अनियमितता मिलने पर वहां से 171 सिलेंडरों की जब्ती की है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय और वितरण विनियमन आदेश 2000 के तहत कल एकाएक सहायक खाद्य अधिकारी हरीश सोनेश्वरी, मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, विवेक कुमार, दिव्यांशु देवांगन, हेमंत वर्मा ने अनेक ढाबों, होटलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनेक स्थानों पर व्यवसायिक संस्थानों में घरेलू गैससिलेंडरों का उपयोग करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई तथा भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
इस दौरान मैगी महाराज घोड़ारी से 3 भरे और 2 खाली, खुशी ढाबा घोड़ारी से 1 नग भरा, पंकज दुबे मिर्ची सेंटर घोड़ारी से 3 नग भरे इंडेन गैस सिलेंडर, बाबा फेमिली ढाबा घोड़ारी से 1 भरा तथा 1 खाली सिलेंडर, महानदी ढाबा घोड़ारी से 6 खाली व 1 भरा कुल 7 नग इंडेन गैस सिलेंडर, आयुष अमृत तुल्य चाय सेंटर बिरकोनी से 1 खाली व 1 भरा इंडेन तथा शेर ए पंजाब ढाबा कांपा से 1 नग भरा तथा 1 नग खाली घरेलू सिलेंडर जब्त कर सभी को चेतावनी दी गई।
इसी तरह ग्राम मरौद सिरपुर की गैस एजेंसी से 171 सिलेंडर जब्त किए गए। इसे सहकारी समिति संचालित करती है। एजेंसी के खिलाफ बुकिंग के बाद कई.कई दिनों तक सिलेंडर उपभोक्ताओं को नहीं मिलने की शिकायतें थी। स्टॉक की जांच में भी गड़बड़ी पाई गई। एजेंसी से 14.2 किलो वाले 60 नग खाली, 14.2 किलो वाले 59 नग डिफेक्टिव तथा 5 किलो वाले 52 नग वाली सिलेंडर जब्त किए गए।