महासमुन्द

उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना केवल कागजों पर, 4 चार साल से को एक भी उत्कृष्ट खिलाड़ी नहीं मिला
30-Jul-2025 4:16 PM
उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना केवल कागजों पर, 4 चार  साल से को एक भी उत्कृष्ट खिलाड़ी नहीं मिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जुलाई। जिले में पिछले 4 साल में एक भी उत्कृष्ट खिलाड़ी नहीं निकला है। खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना के तहत खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय को आवेदन तो किया, लेकिन बीते 4 साल में शासन ने किसी भी खिलाड़ी को उत्कृष्ट घोषित कर प्रमाण पत्र जारी नहीं किया और न ही प्रदेश स्तर पर खिलाडिय़ों की सूची जारी की। ऐसे में उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना महज कागजों पर धूल खाती दिख रही है।

लिहाजा जिले के खिलाडिय़ों को उनकी मेहनत का रिवॉर्ड भी नहीं मिल पा रहा है।

पहली बार हैंडबॉल में नेशनल चैंपियन तथा बीपीएड की पढ़ाई पूरी चुकी सोनिया बांधे ने बताया कि उसने उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना के तहत 2 बार फार्म भरा है। पहली बार वर्ष 2017 तथा दूसरी बार वर्ष 2020 में उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन अब तक इसका परिणाम सामने नहीं आया। अब वर्तमान में अब तक आवेदन शासन द्वारा नहीं मंगाए गए हैं।

सडक़ पर आंदोलन करने  मजबूर हुए थे खिलाड़ी

उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की मांग को लेकर प्रदेश भर के पदक विजेता खिलाड़ी अनेक बार खेल विभाग के सामने धरना-प्रदर्शन किए और पैदल मार्च निकाल कर अपनी मांगों को रखा। इसके अलावा मुख्यमंत्री, खेलमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। लेकिन अब तक खिलाडिय़ों की आवाज शीर्ष नेताओं तक नहीं पहुंची। जानकारी के मुताबिक उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के बाद खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिलती है। जानकारी अनुसार प्रदेश के सभी विभागों में खाली पदों के 2 फ ीसदी पद उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के लिए आरक्षित है। उत्कृष्ट खिलाड़ी नहीं होने के कारण खिलाडिय़ों के लिए आरक्षित पदों पर उन्हें नौकरी नहीं दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 2015 तक 100 से ज्यादा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए गए थे। उनमें से कई वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं। प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट खिलाड़ी के लिए वर्ष 2018-19, 2019-20 में खेल विभाग को कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें 2018-19 में 344 और 2019-20 में 439 आवेदन मिले थे।

 

दोनों वित्तीय वर्ष के आवेदनों की जांच के बाद लगभग 125 खिलाडिय़ों ने दो बार आवेदन किए थे, वहीं 2-3 खिलाडिय़ों ने तीन बार आवेदन किए थे।

 कुल 651 खिलाडिय़ों के आवेदनों की छंटनी की गई। जिसमें लगभग 200 खिलाड़ी पुराने नियमों के अनुसार उत्कृष्टता के लिए पात्र पाए गए।

गौरतलब है कि उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना को पेंशन टू मेरिटोरियस स्पोर्ट्स पर्सन योजना के नाम से भी जाना जाता है। भारत सरकार द्वारा पूर्व उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई एक योजना है। इस योजना का उद्देश्य उन खिलाडिय़ों को मासिक पेंशन प्रदान करना है। जिन्होंने खेल से संन्यास ले लिया है और अब आर्थिक रूप से कमजोर हैं। यह योजना उन पूर्व खिलाडिय़ों के लिए है, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और अब आर्थिक रूप से कमजोर हैं। योजना के तहत पात्र खिलाडिय़ों  को 12 हजार से 20 हजार रुपए तक की मासिक पेंशन दी जाती है।

महासमुंद के खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे का कहना है कि सीनियर नेशनल विजेता खिलाडिय़ों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। यह शासन का एक कार्यक्रम के तहत देती है। बीते 4 साल में यह कार्यक्रम ही नहीं हुआ है। हमारे द्वारा यहां के खिलाडिय़ों के आवेदन और इसके लिये प्रस्ताव पूर्व में भेजे गये थे। संभावना है कि इस बार शासन इस पर विचार करेगा।


अन्य पोस्ट