महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। बसना क्षेत्र में नाग पंचमी के दिन सांप ने किसी व्यक्ति को डस लिया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लाया गया। जहां उसका तत्काल उपचार कर डॉक्टर की टीम नया जीवन दिलाने में सफल रहे।
बताया गया है कि अंचल के ग्राम नरसिंगपुर में ग्रामीण को किसी जहरीले सर्प ने डस लिया। उसे बसना अस्पताल लाया गया। जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू, स्वास्थ्य कार्यकर्ता विनय प्रधान ने सूचना दी।
इसके बाद सर्पदंश से पीडि़त व्यक्ति के अस्पताल पहुंचने पर पूर्व से ही सभी जीवनरक्षक दवाइयों एवं एंटी स्नेक वेनम तैयार कर चिकित्सकों ने सर्पदंश से पीडि़त तरूण बारिक का इलाज कर उसकी जान बचा ली।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. केशव साहू ने कहा कि जब सर्पदंश पीडि़त अस्पताल आया तो उसकी स्थिति बहुत की नाजुक थी। चिकित्सकीय दल के रूप में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी प्रधान, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.दयानंद होता के मार्गदर्शन से मरीज के लिए हितकारी सिद्ध हुआ। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दयानंद होता बताते हैं कि अधिकतर सर्पदंश पीडि़त मरीजों की मौत देर से अस्पताल आने के कारण ही होती है। उन्होंने बताया कि सभी नजदीकी अस्पताल में एंटीस्नेक वेनम के साथ जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध है। विषैले एवं सामान्य सर्प से पीडि़तों को पहचानने में चिकित्सक विशेषज्ञ होते हैं। इसलिए सर्पदंश होने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल लाना चाहिए। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू ने कहा कि ग्राम स्तर से लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक के चिकित्सकीय दल की सहजता की हितग्राही का सफल इलाज उपलब्ध करवाया गया।