महासमुन्द

पार्षद पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार
28-Jun-2025 5:41 PM
पार्षद पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जून। महासमुंद शहर के मौहारीभांठा इलाके में वार्डवासियों की मदद को पहुंचे पार्षद विजय साव पर शुक्रवार देर रात चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पार्षद को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस हमले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पता चला है कि घटना की शुरुआत एक बर्थडे पार्टी से हुई। मौहारीभांठा स्थित कोमल पटेल के घर में जन्मदिन का जश्न चल रहा था। उसी दौरान सुभाषनगर और नयापारा से आए 10-12 युवकों ने मोहल्ले में गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इन उपद्रवियों ने वार्डवासी हितेश दुबे और गिरधर चंद्राकर के साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और वार्ड पार्षद विजय साव घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को थाने लाकर मामला दर्ज करना शुरू किया।

 पूछताछ के दौरान थाने में मौजूद तीन युवकों - सरीफ अली, चिरंजीव यादव और सकील अली ने पार्षद से गाली-गलौज शुरू कर दी और तुम यहां क्यों आए हो कहते हुए हमला कर दिया।

आरोप है कि चिरंजीव यादव ने पार्षद विजय साव पर चाकू से वार किया, जिससे उन्हें कमर के नीचे बाएं भाग में गंभीर चोट आई। हमले के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक हमला रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ।

इस घटना के बाद वार्डवासियों में आक्रोश है। लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और पार्षद विजय साव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।


अन्य पोस्ट