महासमुन्द
महासमुंद,28जून। जिले के सरायपाली क्षेत्र में लोगों की जान बचाने वाले अस्पताल में मरीज के साथ जानलेवा हरकत की जानकारी मिल रही है। यह मामला सरायपाली थाने में सामने आया है। जिसमें शहर के मैत्री केयर अस्पताल में इलाज के नाम पर एक महिला के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण और अमानवीय ढंग से व्यवहार किया गया।
जानकारी अनुसार महिला का पति उसे बवासीर के इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया था। जहां सोल्डरिंग आयरन से जलाकर बवासीर का इलाज करने की जानकारी मिली है। जिसके कारण महिला का मलद्वार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। महिला के पति ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार छिंदपाली निवासी प्रशांत साहू अपनी पत्नी के बवासीर के इलाज के लिए उन्हें शहर के मैत्री केयर अस्पताल लेकर गए थे। जहां उनकी पत्नी का अमानवीय ढंग से इलाज किया गया। इससे महिला का मलद्वार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस वजह से उसे इलाज के पुन: रायपुर ले जाना पड़ा। रायपुर के चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि महिला के मलद्वार को बुरी तरह से सोल्डरिंग आयरन मशीन से जलाया गया है। जिससे वह स्थान क्षतिग्रस्त हो गया है। अंतत: रायपुर में इलाज के बाद महिला को सरायपाली वापस लाया गया।
महिला के पति प्रशांत साहू ने बताया कि शहर के मैत्री केयर अस्पताल में वे अपनी पत्नी के इलाज के लिए गए थे। जहां उन्हें बताया गया कि यहां पर एमबीबीएस, एमएस इलाज करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन वहांंं जाने के बाद उनकी पत्नी का इलाज किसी सर्जन के द्वारा न कर अस्पताल संचालक डॉ. शिवांशीष बेहरा द्वारा किया गया। जिसके कारण उन्हें बहुत अधिक परेशानी उठानी पड़ी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अस्पताल प्रबंधन के इस जानलेवा कृत्य की शिकायत करते हुए न्याय की मांग की है।
जांच होगी-कलेक्टर
इस संबंध में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की पूरी जांच करवाई जाएगी और इलाज में जो भी लापरवाही बरती गई है, जो भी दोषी होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने अस्पताल के संचालक डॉ बेहरा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।