महासमुन्द
सीईओ ने कहा-कागजी कार्रवाई पूरी नहीं हुई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जून। जनपद पंचायत में 15 वें वित्त की राशि को लेकर जनपद पंचायत के सदस्यों और जनपद सीईओ के बीच विवाद के चलते कल जनपद सदस्यों ने धरना दिया। जनपद पंचायत सदस्यों का कहना है कि सीईओ ने 15वें वित्त आयोग की राशि का आबंटन आज तक नहीं किया है। राशि आबंटन में देरी होने की वजह से ज्ञापन सौंपा है। जबकि सीर्ईओ का कहना है कि प्रशासनिक कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने की वजह से राशि आबंटन में देरी हुई है।
जानकारी के मुताबिक जनपद पंचायत महासमुंद में 15 वें वित्त की राशि वर्ष 2024-25 के आबंटन एवं मांगपत्र को लेकर बीते 15 मई को एक बैठक आयेेजित थी जिसमें पूरे 25 जनपद सदस्यों से नियमानुसार क्षेत्रीय विकास हेतु प्रस्ताव मांगा गया था। जिस पर जनपद अध्यक्ष के हस्ताक्षर सहित 13 सदस्यों ने पूर्ण बहुमत के साथ प्रस्ताव को पारित कर मांग पत्र सौंपा।
जनपद पंचायत के सदस्यों का कहना है कि जनपद सीईओ महासमुंद ब्लॉक के 205 गांवों को विकास कार्यों से वंचित करना चाह रहे हैं। जनपद पंचायत के सदस्यों ने बयान जारी कर कहा है कि स्कूली बच्चों को बरसात की शुरुआत में ही रास्ते में कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है। कहीं पर गर्मी भर लोग पानी के लिए तड़पते रहे हैं। मांग के बाद भी पानी का टेंकर उन स्थानों पर नहीं पहुंचाया गया है। गांव के तालाब में महिलाएं पचरी की मांग कर रही हैं। बहुत से गांवों में मुक्तिधाम नहीं बन पाया है।